Petrol Diesel Price Today: ग्लोबल लेवल पर जारी अनिश्चितता के बीच भारतीय उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर आई है। आज 17 अप्रैल को भारतीय तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव ने ग्लोबल ऑयल मार्केट में हलचल मचा दी है, लेकिन घरेलू स्तर पर फिलहाल कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
अमेरिका-ईरान युद्ध से बाधित हुई ग्लोबल सप्लाई चेन
दरअसल, फरवरी महीने के आखिर में शुरू हुए अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध ने ग्लोबल सप्लाई चेन बाधित होने की चिंता बढ़ा दी है। सबसे बड़ी चिंता स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर है। यह दुनिया का वह सबसे अहम समुद्री रास्ता है, जहां से ग्लोबल तेल सप्लाई का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है। ऐसे में अगर युद्ध जल्दी खत्म नहीं होता है, तो कच्चे तेल के दाम आसमान छू सकते हैं। हालांकि, भारत सरकार और तेल कंपनियों ने अभी वेट-एंड-वॉच की पॉलिसी अपनाई हुई है। सरकार फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं करना चाह रही है।
प्रीमियम फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी
बता दें कि रेगुलर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भले ही कोई बदलाव नहीं हो रहा हो, लेकिन प्रीमियम फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। 1 अप्रैल से लागू हुए नए बदलावों के तहत इंडियन ऑयल के 100-ऑक्टेन वाले प्रीमियम पेट्रोल 'XP100' की कीमतों में 11 रुपये प्रति लीटर का भारी इजाफा देखा गया है। अब यह 149 रुपये से बढ़कर 160 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। इसी तरह 'Xtra Green' डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है, जो अब 92.99 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है।