Petrol Diesel Price Today 6 August 2026: देशभर में गुरुवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में स्थिरता बनी हुई है। आज सुबह सरकारी तेल कंपनियों ने ईंधन के दामों में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला लिया है। देश में ईंधन की कीमतों में आखिरी बड़ा बदलाव 25 मई को देखा गया था, तब से अब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में उथल-पुथल के बावजूद घरेलू दरें स्थिर बनी हुई हैं। ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। हालांकि, हालिया कूटनीतिक हलचलों ने दुनिया भर के ऊर्जा बाजार को राहत मिली है।
ईरान और ओमान के बीच अहम समझौता
आज सुबह को शुरुआती एशियाई कारोबार के दौरान अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड की कीमतों में नरमी दर्ज की गई। इस गिरावट की मुख्य वजह ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर हुआ महत्वपूर्ण समझौता है। इस रणनीतिक समुद्री रास्ते से दुनिया के कुल तेल और प्राकृतिक गैस का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है।
80 डॉलर के नीचे पहुंचा कच्चा तेल
पिछले पांच महीनों से इस जलमार्ग के बंद रहने की वजह से अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में भारी अनिश्चितता और उतार-चढ़ाव बना हुआ था। अब जलमार्ग में यातायात बहाल होने की उम्मीदों के चलते ब्रेंट क्रूड गिरकर 79 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया है। वहीं, वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) भी 0.4 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75 डॉलर प्रति बैरल से नीचे चला गया है। गौरतलब है कि हफ्ते के शुरुआती तीन कारोबारी सत्रों में ही कच्चे तेल में 11 फीसदी तक की बड़ी गिरावट आ चुकी है।
अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत जारी
बता दें कि एनर्जी मार्केट में आई नरमी को अमेरिका और ईरान के बीच जारी कूटनीतिक बातचीत से समर्थन मिल रहा है। बुधवार शाम लास वेगास में एक रैली को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि वाशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत चल रही है। उन्होंने यह संकेत दिया कि अगले 48 घंटे में दोनों पक्षों के बीच किसी समझौते पर सहमति बन सकती है।