सर्दी के मौसम के चरम पर पहुंचने के बावजूद हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल शिमला और मनाली में इस साल भी बर्फबारी नहीं हुई है। व्हाइट क्रिसमस की संभावना कम होने से पर्यटक थोड़े निराश जरूर हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन और पर्यटन उद्योग ने हालात से निपटने के लिए वैकल्पिक तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे क्रिसमस और नए साल के दौरान बर्फ गिरने की उम्मीद कम नजर आ रही है।
शिमला में 9 दिन का शीतकालीन कार्निवल
पर्यटकों की दिलचस्पी बनाए रखने के लिए शिमला में क्रिसमस की पूर्व संध्या से लेकर नए साल तक रिज मैदान में नौ दिवसीय शीतकालीन कार्निवल आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत संध्या और स्थानीय व्यंजनों की खास व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने 24 दिसंबर से 2 जनवरी तक कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए विस्तृत योजना लागू की है। जिलाधिकारी अनुपम कश्यप के अनुसार, पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
मनाली में होटल पैकेज और एडवांस बुकिंग
कुल्लू-मनाली में भी क्रिसमस और नए साल को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। होटल व्यवसायी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विशेष फेस्टिव पैकेज, डीजे नाइट और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। मनाली होटलियर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर के मुताबिक नए साल और क्रिसमस के लिए अग्रिम बुकिंग आनी शुरू हो गई हैं। होटल कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि अगर इस दौरान बर्फबारी होती है, तो पर्यटन उद्योग को बड़ा लाभ मिलेगा और बुकिंग में और तेजी आएगी।