PM Modi Caller Tune: सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के सैलरी की चर्चा हमेशा होती रहती है, लेकिन अब उनके फोन की कॉलर ट्यून सुर्खियों में बनी हुई है। हाल ही में बीजेपी के एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें स्काईरूट एयरोस्पेस की टीम पीएम मोदी को फोन करती है। इस दौरान फोन माइक के पास होता है, तो स्पीकर पर वंदे मातरम् की धुन सुनाई देती है। इस वीडियो के वायरल होने पर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि ये पीएम मोदी की पर्सनल कॉलर ट्यून है।
क्या ये सच में पीएम मोदी की पर्सनल कॉलर ट्यून है?
विशेषज्ञों के अनुसार देश के प्रधानमंत्री का संचार नेटवर्क बेहद सुरक्षित होता है। इसलिए उनके नंबर पर सुरक्षा के कारणों की वजह से कॉलर ट्यून लगाने की अनुमति नहीं होती है। ये धुन किसी सरकारी टेलीकॉम नेटवर्क या उच्च आधिकारिक स्तर की ऑफिशियल ट्यून हो सकती है, लेकिन इसे प्रधानमंत्री की पर्सनल कॉलर ट्यून मानना सही नहीं होगा। वहीं बीजेपी ने भी, जो वीडियो शेयर किया है उस पर लिखा है कि क्या है पीएम मोदी की कॉलर ट्यून?
क्या है पूरा मामला?
भारत की पहली प्राइवेट अंतरिक्ष कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस के ऑर्बिटल रॉकेट 'विक्रम-1' की ऐतिहासिक सफलता शनिवार को हासिल की। इस सफलता के बाद स्काईरूट एयरोस्पेस की टीम पीएम मोदी को फोन किया। कुछ ही देर बाद पीएम मोदी कॉल उठाकर 'हैलो' कहते हैं और पूछते हैं, 'कौन बोल रहे हैं?' इस पर सामने से जवाब मिलता है, 'सर, मैं स्काईरूट से भरत बोल रहा हूं। आपसे बात करके बहुत खुशी हो रही है।' इसके बाद पीएम मोदी पूरी स्काईरूट टीम को मिशन की सफलता पर बधाई देते हैं।
बता दें कि 'विक्रम-1' ने शनिवार को कई तकनीकी पेलोड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पोस्टकार्ड सहित विभिन्न पोस्टकार्ड को सफलतापूर्वक पृथ्वी की निचली कक्षा में पहुंचा दिया।'मिशन आगमन' नाम से संचालित इस मिशन के साथ भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र ने पहली बार उपग्रहों को पृथ्वी की कक्षा में स्थापित करने वाले वैश्विक बाजार में औपचारिक रूप से प्रवेश कर लिया।