Independence Day PM Modi Speech: आज पूरा देश तिरंगे के रंग में रंगा हुआ है। जगह-जगह झंडा फहराया जा रहा है, देशभक्ति के गाने गूंज रहे हैं और हर तरफ आजादी का उत्साह नजर आ रहा है।
79वां स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले से तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान और 21 तोपों की सलामी दी गई। तिरंगा लहराते ही पूरा माहौल ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
तिरंगा फहराने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस भाषण की शुरुआत की। लाल किले से भाषण में पीएम मोदी ने हाल ही में बारिश के कारण हो रही प्राकृतिक आपदाओं पर गहरी संवेदना जताई। उन्होंने कहा, "प्रकृति हमारी परीक्षा ले रही है।"
ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान को कड़ा संदेश
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अब पाकिस्तान का ब्लैकमेल नहीं चलेगा। उन्होंने साफ कहा कि "सिंधू जल समझौता सही नहीं था" और अब हालात बदल चुके हैं।
आजादी का बलिदान और गुलामी का असर
पीएम मोदी ने याद दिलाया कि स्वतंत्रता के लिए अनगिनत लोगों ने जान दी, फांसी पर चढ़ गए, लेकिन देश के स्वाभिमान से समझौता नहीं किया। गुलामी के दौर में भारत निर्धन और निर्भर हो गया था, और आजादी के बाद सभी का पेट भरना बड़ी चुनौती थी लेकिन हमारे किसानों ने अनाज के भंडार भर दिए।
आत्मनिर्भर भारत: आजादी की असली कसौटी
मोदी ने कहा, "किसी भी राष्ट्र के आत्मसम्मान की सबसे बड़ी कसौटी उसकी आत्मनिर्भरता है।" अगर हम दूसरों पर निर्भर रहते हैं तो हमारी आजादी पर सवाल उठते हैं, इसलिए हर वक्त सतर्क रहना जरूरी है। आत्मनिर्भरता सिर्फ आयात-निर्यात नहीं, बल्कि अपनी क्षमता पर भरोसा है।
मेड इन इंडिया की ताकत
ऑपरेशन सिंदूर ने दिखा दिया कि मेड इन इंडिया हथियार कितने कारगर हैं। दुश्मन को पता भी नहीं चला कि कौन सा हथियार उन पर वार कर रहा है। अगर हम आत्मनिर्भर न होते, तो हमें हथियार सप्लाई की चिंता होती। पिछले 10 साल में हमारी रक्षा प्रणाली लगातार मजबूत हुई है।
टेक्नोलॉजी में पीछे रहने का नुकसान
मोदी ने बताया कि 50-60 साल पहले देश में सेमीकंडक्टर का विचार आया था, लेकिन उस पर काम नहीं हुआ। बाकी देश आगे निकल गए। अब भारत ने इस सेक्टर में बड़ा काम शुरू किया है, और साल के अंत तक मेड इन इंडिया चिप्स बाजार में आ जाएंगी।
ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का संकल्प
पेट्रोल, डीजल जैसी ऊर्जा जरूरतों में हम दूसरे देशों पर निर्भर हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना जरूरी है। उन्होंने सोलर पावर, हाइड्रो-इलेक्ट्रिसिटी के लिए डैम निर्माण और न्यूक्लियर एनर्जी में भारत की तेज प्रगति का जिक्र किया।