
PM Modi Speech on Bengal Victory: 4 मई 2026 को पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के चुनावी नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी का यह भाषण ऐतिहासिक जीत के उल्लास और विकसित भारत के संकल्प से भरा था।
आज का दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। जब वर्षों की साधना सिद्धि में बदलती है, तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वही खुशी आज देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर दिख रही है। एक कार्यकर्ता होने के नाते मैं हर कार्यकर्ता की इस खुशी में शामिल हूं। आज का यह दिन कई मायनों में खास है। यह देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। यह भरोसे का दिन है- भारत के महान लोकतंत्र पर भरोसा, परफॉर्मेंस की राजनीति पर भरोसा, स्थिरता के संकल्प पर भरोसा और 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' पर भरोसा।
मैं बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता का आदरपूर्वक नमन करता हूं। मैं आज भाजपा के कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं का हृदय से अभिनंदन करता हूं। हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने एक बार फिर से कमाल कर दिया है, 'कमल' खिला दिया है। आपने नया इतिहास रच दिया है। भाजपा अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी के मार्गदर्शन में इस विजय का श्रेय हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं को जाता है। इसके साथ ही विभिन्न उपचुनावों- महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा के नतीजे भी उत्साहजनक रहे हैं। महाराष्ट्र में NDA की सुनेत्रा पवार ने बड़ी जीत दर्ज की है।
जय-पराजय चुनावी राजनीति का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन पांच प्रदेशों की जनता ने पूरी दुनिया को दिखाया है कि भारत 'Mother of Democracy' क्यों है। लोकतंत्र हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं, बल्कि हमारी रगों में दौड़ता हुआ संस्कार है। आज भारत का लोकतंत्र ही नहीं, बल्कि भारत का संविधान भी जीता है। हमारी संवैधानिक संस्थाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं। बंगाल में 93% ऐतिहासिक मतदान और महिलाओं की भारी भागीदारी भारतीय लोकतंत्र की सबसे उज्ज्वल तस्वीर है। मैं चुनाव आयोग और सुरक्षा बलों का भी अभिनंदन करता हूँ।
14 नवंबर 2025 को जब बिहार चुनाव के नतीजे आए थे, तब मैंने यहीं से कहा था कि गंगा जी बिहार से आगे बढ़ते हुए गंगा सागर तक जाती हैं। आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है। उत्तराखंड, यूपी, बिहार और अब पश्चिम बंगाल- मां गंगा के इर्द-गिर्द बसे इन सभी राज्यों में अब BJP-NDA की सरकार है। मुझे वो पल याद आ रहा है जब मैं काशी गया था और मेरे दिल से निकला था- "ना मैं आया हूं, ना मुझे भेजा गया है, मुझे तो मां गंगा ने बुलाया है।" आज मां गंगा और ब्रह्मपुत्र का आशीर्वाद हम पर बरस रहा है।
असम की जनता ने तीसरी बार BJP-NDA पर भरोसा कर 'हैट्रिक' लगाई है। यह असम के इतिहास की बहुत बड़ी घटना है। चाय बागान क्षेत्रों में भी हमें अभूतपूर्व समर्थन मिला है। वहीं पुडुचेरी के युवाओं और मेहनती मछुआरे साथियों को मैं विश्वास दिलाता हूं कि NDA सरकार आपके उज्ज्वल भविष्य और समृद्धि के लिए निरंतर काम करती रहेगी। हमारा मंत्र है- 'नागरिक देवो भवः'।
जनता साफ देख रही है- जहां भाजपा है, वहां सुशासन है, जहां भाजपा है, वहां विकास है। हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार और अब गुजरात के स्थानीय निकायों के नतीजे बताते हैं कि जनता भाजपा पर अटूट विश्वास कर रही है। आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को कितनी शांति मिली होगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए बड़ी लड़ाई लड़ी थी। उनका सपना आज 4 मई 2026 को साकार हुआ है।
बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है। आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है, विकास के भरोसे से युक्त हुआ है। 'बांग्लाय पोरिवोर्तन होये गेछे' (बंगाल में परिवर्तन हो गया है)। इस जीत का श्रेय उन कार्यकर्ताओं को जाता है जिन्होंने अत्याचार सहा और बलिदान दिया। आज बंगाल की पावन धरा पर एक नया सूर्योदय हुआ है।
उन्होंने आगे कहा, "मैं हर बंगालवासी को भरोसा देता हूं:
गुरुदेव टैगोर के सपनों का बंगाल बनेगा, जहां मन भयमुक्त हो और सिर ऊंचा हो। भाजपा बंगाल में ऐसा वातावरण बनाकर दिखाएगी, यह 'मोदी की गारंटी' है।
बंगाल के ये चुनाव इसलिए खास रहे क्योंकि पहली बार मतदान के दौरान बंदूक की आवाज नहीं, बल्कि जनता की आवाज गूंजी। चुनावी हिंसा में एक भी निर्दोष की जान नहीं गई। मैं बंगाल के हर राजनीतिक दल से आग्रह करता हूं- अब बदला नहीं, बदलाव की बात होनी चाहिए, भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए। हमें हिंसा के इस चक्र को हमेशा के लिए खत्म करना होगा।
जब भारत समृद्ध था, तब उसके तीन मजबूत स्तंभ थे- अंग (बिहार), बंग (बंगाल) और कलिंग (ओडिशा)। गुलामी के दौरान ये स्तंभ कमजोर हुए, जिससे भारत कमजोर हुआ। विकसित भारत के लिए इन तीनों का मजबूत होना आवश्यक है। साथ ही नारी शक्ति हमारी प्राथमिकता है। जिन दलों ने महिला आरक्षण को रोकने का काम किया या महिलाओं के खिलाफ काम किया, उन्हें जनता ने सबक सिखाया है। TMC और DMK को बहनों-बेटियों ने सजा दी है।
आज पूरे देश में एक भी राज्य ऐसा नहीं है जहां कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार हो। यह सिर्फ सियासत का नहीं, सोच का बदलाव है। कांग्रेस अब अर्बन नक्सलियों का गिरोह बनती जा रही है। जिस विचार को जनता ने ठुकरा दिया है, उसे अपनाने वालों को भी जनता पूरी तरह ठुकरा देगी।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.