
PoK Violence: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पांच महीने से जारी विरोध प्रदर्शन अब गंभीर हिंसक टकराव में बदलता दिखाई दे रहा है। पाकिस्तानी सेना आम लोगों पर युद्ध में इस्तेमाल होने वाले हथियारों का इस्तेमाल करने लगी है। PoK के रावलकोट में प्रदर्शनकारियों पर इस्तेमाल किए गए हथियारों के सबूत मिले हैं। इस प्रदर्शन के प्रमुख आयोजक सरदार उमर नजीर ने प्रदर्शनकारियों और आम नागरिकों के घरों पर पाकिस्तानी रेंजर्स और एफसी द्वारा ड्रोन से गिराए गए बम के पुर्जे को उमर फारूक चौक पर सबके सामने दिखाया और दुनिया भर की मानवाधिकार संस्थाओं से इसका संज्ञान लेने की अपील की है।
घटना की शुरुआत गुरुवार सुबह बेहद खौफनाक मोड़ से हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब 8 बजे जब जॉइंट आवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के बैनर तले लोग रावलकोट के शांतिपूर्ण प्रदर्शन स्थलों पर मौजूद थे, तभी पाकिस्तानी सेना और पुलिस ने अचानक बिना किसी चेतावनी के कार्रवाई शुरू कर दी।
सुरक्षा बलों ने चारों तरफ से घेरकर निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर अंधाधुंध सीधी फायरिंग शुरू कर दी। देखते ही देखते शुरुआती दो घंटों के भीतर ही 7 बेकसूर लोगों ने दम तोड़ दिया। इसमें 23 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है।
शहर के कई इलाकों में घरों पर गोले गिरने से आग लग गई। वीडियो फुटेज में जलते मकान और बिखरे शार्पनेल साफ नजर आ रहे हैं। निवासी बता रहे हैं कि सेना ने जानबूझकर निहत्थे प्रदर्शनकारियों और आम परिवारों को निशाना बनाया है। कुछ परिवारों ने कहा कि यह हमला उनके खिलाफ मौत का फरमान जारी करने जैसा है। बच्चों सहित नागरिकों पर गोली चलाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
पाकिस्तान में यह पहली घटना नहीं है। जून 2026 में शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद से अब तक कब्जे वाले क्षेत्र में अब तक 153 लोगों की मौत हो चुकी है। रावलकोट सबसे ज्यादा प्रभवित हुआ है। सरकारी मोबाइल सेवा और इंटरनेट बंद कर दिए गए हैं, जिससे भय का माहौल है। फिर भी स्थानीय लोग सड़कों पर उतरकर विरोध जता रहे हैं
सवाल उठता है कि आखिर PoK की अवाम सड़कों पर क्यों है और पाकिस्तान आर्मी उनसे इतनी बौखलाई हुई क्यों है? दरअसल, जॉइंट आवामी एक्शन कमेटी (JAAC) लंबे समय से अपनी 38 जायज मांगों को लेकर पूरे क्षेत्र में एक बड़ा आंदोलन चला रही है। नीलम-झेलम हाइड्रो प्रोजेक्ट से पानी और बिजली पैदा होने के बावजूद PoK के लोगों को महंगी दर पर बिजली और राशन दिया जा रहा है।
कमेटी ने बिजली सस्ती करने की मांग की है। वहीं कमेटी ने स्थानीय लोगों को उनके अपने संसाधनों पर हक देने और इस्लामाबाद का सीधा दखल खत्म करने की मांग की है। अफसरशाही और हुकूमती नुमाइंदों की शाही सहूलियतों को बंद कर अवाम को राहत देने की बात कही गई है।