
President Droupadi Murmu: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज (29 अक्टूबर 2025) को अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरी। राफेल में उड़ान से पहले उन्होंने बाकायदा फाइटर प्लेट सूट पहना हुआ था। इसके बाद अधिकारियों से मुलाकात भी की, राष्ट्रपति की इस उड़ान को देखते हुए सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए। उड़ान के दौरान एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ये उड़ान न सिर्फ उनकी साहसिक नेतृत्व शैली का प्रतीक है, बल्कि भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी दुनिया के सामने प्रदर्शित करती है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने राफेल में उड़ान भरकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वह इस अत्याधुनिक फाइटर जेट में उड़ान भरने वाली पहली भारतीय राष्ट्रपति बन गई हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने इससे पहले अप्रैल 2023 में असम के तेजपुर एयर फोर्स स्टेशन से सुखोई-30 MKI में भी उड़ान भरी थी। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने राफेल जेट के अंबाला स्टेशन से उड़ान भरने का लाइव प्रसारण शेयर किया है। बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू भारतीय सशस्त्र बलों की सुप्रीम कमांडर हैं।
राष्ट्रपति फ्लाइट सूट पहनकर राफेल में बैठीं और टेक ऑफ से पहले हाथ हिलाकर अभिवादन किया। राष्ट्रपति जिस राफेल में बैठी थीं, उसे ग्रुप कैप्टन अमित गेहानी ने उड़ाया। राष्ट्रपति के राफेल के पीछे एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने दूसरे एयरक्राफ्ट से उन्हें एस्कॉर्ट किया। राष्ट्रपति मुर्मू भारतीय वायु सेना के 2 फाइटर विमानों में उड़ान भरने वाली भारत की पहली राष्ट्रपति हैं। एयरफोर्स स्टेशन पर एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके साथ ही यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। राष्ट्रपति ने जिप्सी में खड़े होकर परेड का निरीक्षण किया।
कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। 6-7 मई को आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। इस ऑपरेशन में फाइटर जेट राफेल ने अहम भूमिका निभाई थी।
जब भारत ने फ्रांस से राफेल खरीदे थे, तब ये सीधे फ्रांस से अंबाला में ही लैंड किए गए थे। फ्रांस से 27 जुलाई, 2020 को आए पहले पांच राफेल विमानों को 17 स्क्वाड्रन, 'गोल्डन एरोज़' में शामिल किया गया था। यह जेट वायुसेना की ताकत का एक अहम हिस्सा है। इस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े जवानों को सम्मानित करेंगी। उनके साथ इस कार्यक्रम में वायुसेना प्रमुख अमरप्रीत सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, परिवहन मंत्री अनिल विज सहित कई रक्षा अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.