नई दिल्ली: भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह रूसी कच्चा तेल खरीदने पर भारत, चीन और कुछ अन्य देशों पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने के प्रस्ताव वाले अमेरिकी विधेयक से जुड़े घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहा है। इसके साथ ही कहा कि अमेरिकी वीजा नीतियों के कारण भारतीय नागरिकों को होने वाली परेशानियां कम करने के लिए वह अमेरिका के अधिकारियों के संपर्क में है।रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर टैरिफ लगाने संबंधी विधेयक डेमोक्रेटिक पार्टी के सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल और दिवंगत रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने तैयार किया था। खबरों के अनुसार, अमेरिका के लगभग 60 सीनेटर इस विधेयक का समर्थन कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने भारत का रखा रुख
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''हम इन घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहे हैं और हमें प्रस्तावित विधेयक की जानकारी है।'' रूसी तेल की खरीद से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ''जहां तक तेल खरीदने का सवाल है, तो हम दुनिया के कई देशों से तेल खरीदते हैं। यह ऊर्जा स्रोतों को लेकर हमारे दृष्टिकोण पर आधारित है।''
नए वीजा नियमों से छात्रों और पत्रकारों की बढ़ाई चिंता
अमेरिका ने विदेशी छात्रों, विनिमय कार्यक्रम के तहत आने वाले लोगों और पत्रकारों के लिए वीजा नियमों को सख्त कर दिया है। इसके साथ ही दशकों पुरानी वह नीति खत्म हो गई है, जिसके तहत वे बिना सरकारी निगरानी के देश में अनिश्चित काल तक रह सकते थे। इस कदम से बड़ी संख्या में भारतीयों पर असर पड़ने की आशंका है। इस संबंध में भारत ने कहा कि वह भारतीय नागरिकों को होने वाली परेशानियां कम करने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में है।
अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में भारत
जायसवाल ने अमेरिका द्वारा वीजा नियमों में घोषित बदलावों से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए कहा, ''हमने वीजा नियमों से जुड़ी कुछ खबरें देखी हैं। वीजा नियम, वीजा जारी करने की प्रक्रिया और इमिग्रेशन से जुड़े मामले किसी भी देश के सोवेरिग्न राइट्स के दायरे में आते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘’ वैध यात्रियों और छात्रों सहित अन्य लोगों को होने वाली परेशानियों के मामले जब हमारे संज्ञान में लाए जाते हैं और उन्हें अमेरिका से सहयोग की जरूरत होती है, तो हम अपने लोगों की परेशानियां कम करने के लिए अमेरिकी पक्ष के समक्ष ये मुद्दे उठाते हैं।''