
Rahul Gandhi Slams BJP: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उत्तराखंड में पेपर लीक की ताजा घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए शुक्रवार को कहा कि बार-बार पेपरलीक होने की घटनाओं से युवाओं का सपना तबाह करने वाली भाजपा सरकार 'पेपर चोर' सरकार बन गयी है।
राहुल गांधी ने कहा कि अब तक भाजपा वोट चोरी करवाकर सत्ता में आने के षड्यंत्र में लिप्त रही है लेकिन अब इससे भी आगे निकल कर देश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने उत्तराखंड में यूकेएसएसएससी के हाल में हुए पेपर लीक का हवाला दिया और कहा कि पेपर चोर हो चुकी भाजपा युवाओं की मेहनत पर पानी फेर रही है।
उन्होंने भाजपा को पेपर चोर नाम देते हुए कहा कि आज भाजपा का दूसरा नाम है-पेपर चोर। देशभर में बार-बार होने वाले पेपर लीक ने करोड़ों मेहनती युवाओं की जिंदगी और सपनों को तबाह कर दिया है। उत्तराखंड का यूकेएसएसएससी पेपर लीक इसका ताजा उदाहरण है। लाखों युवाओं ने दिन-रात मेहनत की लेकिन भाजपा ने चोरी से उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी लगातार मांग कर रही है कि पेपर लीक रोकने के लिए मजबूत और पारदर्शी सिस्टम बनाया जाए लेकिन मोदी सरकार इस पर आंखें मूंदकर बैठी है, क्योंकि उन्हें युवाओं की बेरोजगारी की नहीं, बल्कि अपनी सत्ता की चिंता है। उनका कहना था कि बेरोजगारी आज देश की सबसे बड़ी समस्या है और यह सीधे तौर पर वोट चोरी से जुड़ी है। पेपर चोरों को पता है कि अगर युवाओं को रोजगार नहीं भी मिलेगा, तो भी वे चुनाव में वोट चोरी करके सत्ता में बने रहेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि युवा सड़कों पर हैं और नारा दे रहे हैं -'पेपर चोर, गद्दी छोड़। यह सिर्फ युवाओं की नौकरी की लड़ाई नहीं है, यह न्याय और लोकतंत्र की लड़ाई है। मैं हर छात्र और युवा के साथ इस न्याय की लड़ाई में मजबूती से खड़ा हूं। पेपर चोर गद्दी छोड़।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.