जर्मनी के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत के गिरते मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को लेकर गंभीर चिंता जताई है। कांग्रेस द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में राहुल गांधी ने BMW फैक्ट्री के दौरे का अनुभव साझा करते हुए कहा कि किसी भी देश की आर्थिक मजबूती की असली कुंजी उत्पादन में होती है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भारत का विनिर्माण क्षेत्र लगातार कमजोर हो रहा है, जबकि इसे तेजी से आगे बढ़ना चाहिए।
BMW फैक्ट्री में दिखा मेक इन इंडिया का उदाहरण
राहुल गांधी ने बताया कि BMW फैक्ट्री का दौरा उनके लिए खास अनुभव रहा। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वहां 450 सीसी की TVS मोटरसाइकिल बनते देखना गर्व का क्षण था। फैक्ट्री में भारतीय झंडा लहराता देख राहुल गांधी ने इसे सकारात्मक संकेत बताया। उनके अनुसार, भारत को सिर्फ उपभोग करने वाला देश नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर उत्पादन करने वाला देश बनना होगा, तभी रोजगार और आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित हो सकेगी।
IOC कार्यक्रम में यूरोप के नेताओं से संवाद
जर्मनी पहुंचने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का बर्लिन एयरपोर्ट पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) ने गर्मजोशी से स्वागत किया। वह पांच दिवसीय दौरे के दौरान आज एक बड़े IOC कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां यूरोप भर के IOC नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस कार्यक्रम का मकसद कांग्रेस की वैश्विक मौजूदगी को मजबूत करना और प्रवासी भारतीयों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना बताया गया है। राहुल गांधी एनआरआई समुदाय को संबोधित कर पार्टी की विचारधारा और भविष्य की रणनीति साझा करेंगे।
विदेश दौरे पर बीजेपी का हमला, प्रियंका का पलटवार
राहुल गांधी के इस विदेश दौरे को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान दौरे की घोषणा के बाद बीजेपी नेताओं ने उनकी आलोचना की और कांग्रेस के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए। हालांकि, प्रियंका गांधी ने राहुल का बचाव करते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कार्यकाल का बड़ा हिस्सा विदेश यात्राओं में बिताते हैं, तो नेता प्रतिपक्ष की यात्रा पर सवाल उठाना दोहरा मापदंड है।