Train Ticket Rules: भारतीय रेलवे ने डिजिटल टिकट का उपयोग करने वाले यात्रियों के लिए कई अहम निर्देश जारी किए हैं। रेलवे के अनुसार कई यात्री टिकट का स्क्रीनशॉट लेकर या वॉट्सऐप (WhatsApp) पर प्राप्त टिकट दिखाकर यात्रा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन ऐसा करना नियमों का उल्लंघन करना है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि रेलवन ऐप (RailOne App) के जरिए बुक किया गया अनारक्षित टिकट केवल उसी मोबाइल डिवाइस पर मान्य होगा, जिससे टिकट जारी किया गया है।
अगर टिकट किसी अन्य मोबाइल में फॉरवर्ड किया गया है या केवल स्क्रीनशॉट के रूप में दिखाया जा रहा है, तो उसे वैलिड टिकट नहीं माना जाएगा।
क्या है रेलवे का नया निर्देश?
रेलवे अधिकारियों के अनुसार RailOne App से खरीदा गया टिकट एक डिजिटल यात्रा दस्तावेज है, जो यात्री के पंजीकृत मोबाइल नंबर और डिवाइस से जुड़ा होता है।
- टिकट उसी मोबाइल में होना चाहिए जिससे बुकिंग की गई है।
- टिकट जांच के समय रजिस्टर्ड मोबाइल दिखाना होगा।
- फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य है।
- स्क्रीनशॉट या फॉरवर्ड किया गया टिकट मान्य नहीं होगा।
WhatsApp टिकट क्यों नहीं होगा मान्य?
रेलवे का कहना है कि स्क्रीनशॉट या WhatsApp पर साझा किए गए टिकटों के जरिए धोखाधड़ी और दुरुपयोग की संभावना बढ़ जाती है। यदि एक टिकट का स्क्रीनशॉट कई लोगों को भेज दिया जाए, तो उसका गलत उपयोग हो सकता है। इसी वजह से रेलवे केवल मूल डिजिटल टिकट को ही वैध मानता है।
यात्रा के दौरान क्या रखना होगा?
यदि आपने RailOne App से अनारक्षित टिकट खरीदा है तो यात्रा के दौरान आपके पास निम्न दस्तावेज होने चाहिए:
जरूरी दस्तावेज
- RailOne App में उपलब्ध मूल टिकट
- टिकट बुकिंग वाला मोबाइल फोन
- आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र
रेलवे अधिकारियों के अनुसार टिकट और पहचान पत्र दोनों की जांच की जा सकती है।
किन यात्रियों पर लागू होगा नियम?
यह नियम विशेष रूप से RailOne App के माध्यम से खरीदे गए अनारक्षित टिकटों पर लागू होता है।
- केवल स्क्रीनशॉट दिखाता है,
- WhatsApp पर प्राप्त टिकट दिखाता है,
- मूल मोबाइल प्रस्तुत नहीं कर पाता, तो टिकट जांच कर्मचारी उसे बिना वैध टिकट वाला यात्री मान सकते हैं।
- ऐसी स्थिति में रेलवे नियमों के अनुसार जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
डिजिटल टिकटिंग को सुरक्षित बनाने की कोशिश
रेलवे लगातार डिजिटल सेवाओं का विस्तार कर रहा है। RailOne App के जरिए यात्री स्टेशन पर लाइन में लगे बिना टिकट खरीद सकते हैं। हालांकि डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था को सुरक्षित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए रेलवे ने यह स्पष्ट कर दिया है कि केवल मूल डिजिटल टिकट ही मान्य होगा।
यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह
- टिकट का केवल स्क्रीनशॉट लेकर यात्रा न करें।
- टिकट बुकिंग वाला मोबाइल चार्ज रखें।
- यात्रा से पहले इंटरनेट और ऐप की स्थिति जांच लें।
- पहचान पत्र हमेशा साथ रखें।
इससे टिकट जांच के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।