मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के जन्मदिन पर उनकी बहुप्रतीक्षित बायोपिक 'दादा - द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। पोस्टर सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है।
इसके साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 14 मई 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर में अभिनेता राजकुमार राव सौरव गांगुली के सबसे यादगार क्रिकेट पलों में से एक को दोहराते नजर आ रहे हैं।
आज भी बेहद खास माना जाता है ये पल
उन्होंने साल 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी जर्सी लहराकर जीत का जश्न मनाया था। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह पल आज भी बेहद खास माना जाता है और इसी ऐतिहासिक दृश्य को फिल्म के पहले पोस्टर में दिखाया गया है।
इस बायोपिक के जरिए दर्शकों को सौरव गांगुली की जिंदगी के कई अहम पहलुओं से रूबरू कराया जाएगा। फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे कोलकाता का एक प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट टीम तक पहुंचा और फिर अपनी कप्तानी से टीम की सोच और खेलने के अंदाज को बदल दिया। उनके संघर्ष, मेहनत और मजबूत इरादों ने भारतीय क्रिकेट को नई दिशा दी। यही वजह है कि उन्हें देश के सबसे सफल और प्रभावशाली कप्तानों में गिना जाता है।
राजकुमार राव निभा रहे मुख्य भूमिका
फिल्म में सिर्फ क्रिकेट मैदान की उपलब्धियां ही नहीं, बल्कि उन चुनौतियों और फैसलों को भी दिखाया जाएगा, जिन्होंने सौरव गांगुली को एक मजबूत नेता बनाया। माना जा रहा है कि यह फिल्म उनकी निजी और पेशेवर जिंदगी के कई ऐसे पहलुओं को सामने लाएगी, जिनसे दर्शक अब तक अनजान रहे हैं।
राजकुमार राव इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। अपने दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले राजकुमार इस बार भारतीय क्रिकेट के सबसे लोकप्रिय चेहरों में से एक का किरदार निभाते नजर आएंगे। फैंस को उम्मीद है कि वह सौरव गांगुली के व्यक्तित्व और अंदाज को बड़े पर्दे पर प्रभावशाली तरीके से पेश करेंगे।
फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवानी कर रहे हैं। वहीं इसका निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है। फिल्म को गुलशन कुमार, भूषण कुमार, टी-सीरीज और डीबीएल प्रस्तुत कर रहे हैं। यह लव फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है और 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होकर दर्शकों के बीच पहुंचेगी।