बेंगलुरु भगदड़: दो दिन बाद एक्शन में आई पुलिस, RCB मार्केटिंग हेड निखिल सोसले समेत 4 गिरफ्तार

आरसीबी की IPL जीत के जश्न में 4 जून को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत और 56 से अधिक घायल हो गए। इस मामले में अब RCB मार्केटिंग हेड निखिल सोसले, इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA के सुनील मैथ्यू समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड6 Jun 2025, 03:21 PM IST
RCB Stampede: आरसीबी और डीएनए एंटरटेनमेंट के चार अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है।
RCB Stampede: आरसीबी और डीएनए एंटरटेनमेंट के चार अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है।

बेंगलुरु में बुधवार को आईपीएल जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ के दो दिन बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA एंटरटेनमेंट के सुनील मैथ्यू व किरण कुमार, और एक अन्य को केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। 

इन सभी को अपराध शाखा और बेंगलुरु पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत हिरासत में लिया गया। सभी से पूछताछ की जा रही है।

गुरुवार को पुलिस ने RCB, DNA एंटरटेनमेंट, और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पुलिस को निर्देश दिया था कि इन सभी के प्रतिनिधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। पुलिस का कहना है कि KSCA के कुछ अधिकारी तब से फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

KSCA ने लिया सुप्रीम कोर्ट का रुख

KSCA, जिसकी जिम्मेदारी स्टेडियम और सुरक्षा की है, ने भगदड़ के बाद अपनी जवाबदेही बचाने की कोशिश की। KSCA के अध्यक्ष रघु राम भट और कुछ अन्य पदाधिकारियों ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ मामले में उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद्द कराने के लिए शुक्रवार को कर्नाटक उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

नई पुलिस कमिश्नर ने संभाली कमान, तुरंत एक्शन

यह गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब सीनियर IPS अफसर सीमान्त कुमार सिंह ने बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर का पद संभाला। उन्होंने बी दयानंद की जगह ली है, जिन्हें भगदड़ में लापरवाही के चलते सस्पेंड कर दिया गया है। गुरुवार को राज्य सरकार ने एडिशनल कमिश्नर विकास कुमार विकास, डीसीपी शेखर एचटी, एसीपी सी बालकृष्णा, और कब्बन पार्क थाना प्रभारी गिरीश एके को भी सस्पेंड कर दिया।

सीमान्त कुमार सिंह कौन हैं?

सीमान्त कुमार सिंह 1996 बैच के आईपीएस अफसर हैं और बिहार के रहने वाले हैं। उन्होंने बतौर एसपी दक्षिण कन्नड़ में 2000 से 2004 तक सेवा दी थी। फिर अप्रैल 2010 में मैंगलोर के पहले पुलिस कमिश्नर बने और अगस्त 2012 तक उस पद पर रहे। साल 2019 में वो बेंगलुरु ईस्ट के एडिशनल कमिश्नर भी रहे।

क्या हुआ था बुधवार को?

बुधवार को RCB की आईपीएल जीत का जश्न मनाने के लिए टीम ने कहा था कि ओपन बस परेड निकाली जाएगी जो विधान सौधा से चिन्नास्वामी स्टेडियम तक जाएगी। इसके बाद स्टेडियम में एक प्रोग्राम भी तय था जिसके लिए फ्री पास ऑनलाइन दिए जाने वाले थे। लेकिन सुबह 11:56 बजे बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने परेड रद्द होने की घोषणा कर दी। पर तब तक काफी देर हो चुकी थी, हजारों लोग पहले ही पहुंच चुके थे।

RCB टीम दोपहर करीब 1:30 बजे HAL एयरपोर्ट पहुंची, फिर होटल गई और वहां से विधान सौधा। इस बीच 50 हजार से ज्यादा लोग स्टेडियम के पास एक किलोमीटर के दायरे में जमा हो गए। कई लोग पेड़ों, इमारतों और यहां तक कि हाई कोर्ट की छत पर भी चढ़े दिखे।

भगदड़ कैसे मची?

शाम 4 बजे के करीब स्टेडियम का गेट नंबर 3 आंशिक रूप से खुला, तभी पास लिए लोग और बिना पास वाले लोग गेट की ओर दौड़ पड़े और भगदड़ मच गई। इस हादसे में 11 लोगों की जान गई और 56 से ज्यादा घायल हो गए।

(इनपुट्स- भाषा)

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सबेंगलुरु भगदड़: दो दिन बाद एक्शन में आई पुलिस, RCB मार्केटिंग हेड निखिल सोसले समेत 4 गिरफ्तार
More