White Spot on nails: अक्सर हम अपने नाखूनों पर छोटे-छोटे सफेद धब्बे या लाइनें देखते हैं और तुरंत मान लेते हैं कि शरीर में कैल्शियम की कमी हो गई है। घर के बड़े हों या सोशल मीडिया के टिप्स, सबसे पहले यही सलाह मिलती है। लेकिन मेडिकल साइंस इस दावे से पूरी तरह सहमत नहीं है।
इन सफेद निशानों को ल्यूकोनीशिया (Leukonychia) कहा जाता है और इसका कैल्शियम से लेना-देना बहुत कम है। असल में ये निशान आपकी सेहत के बारे में कुछ ऐसे राज खोलते हैं जिनकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते।
कैल्शियम की कमी या महज एक गलतफहमी
हिंदुस्तान टाइम्स में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, अपोलो हॉस्पिटल्स, बेंगलुरु की चीफ क्लिनिकल डाइटीशियन डॉ. प्रियांका रोहतगी इस मिथक को पूरी तरह खारिज करती हैं। उनके मुताबिक, नाखूनों पर दिखने वाले सफेद धब्बे कैल्शियम की कमी का संकेत होना जरूरी नहीं है। ये कई वजहों से हो सकते हैं, जैसे नाखूनों पर चोट लगना, फंगल इंफेक्शन, किसी खास फूड या नेल पेंट से एलर्जी, या फिर यह जेनेटिक भी हो सकता है। बहुत ही कम मामलों में यह किसी पोषक तत्व की कमी का संकेत देता है, और तब भी जरूरी नहीं कि वह कैल्शियम ही हो। यह जिंक या बायोटिन जैसे मिनरल्स की कमी भी हो सकती है।
कहीं यह पुरानी चोट का असर तो नहीं?
वहीं इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स के सीनियर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. डीएम महाजन बताते हैं कि ल्यूकोनीशिया की सबसे आम वजह नाखूनों पर लगी पुरानी चोट होती है। कई बार उंगली दरवाजे में दब जाना, किसी चीज से जोर की टक्कर, या रोजमर्रा की हल्की चोट हमें याद भी नहीं रहती। लेकिन नाखून के नीचे मौजूद हिस्सा उस चोट को “याद” रखता है। जैसे-जैसे नाखून बढ़ता है, वही घायल हिस्सा ऊपर की तरफ आता है और कुछ हफ्तों बाद सफेद धब्बे के रूप में नजर आने लगता है। तब तक हम उस चोट को भूल चुके होते हैं।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, नाखूनों पर इन सफेद धब्बों की असली वजह कैल्शियम नहीं, बल्कि जिंक (Zinc) की कमी हो सकती है। जिंक एक ऐसा मिनरल है जिसे हमारा शरीर स्टोर नहीं कर सकता, इसलिए इसे रोजाना डायट में लेना जरूरी है। चूंकि बहुत से लोग पर्याप्त प्रोटीन नहीं लेते, इसलिए यह कमी भारत में बहुत आम है। इसके अलावा विटामिन C और प्रोटीन की कमी भी नाखूनों की सेहत बिगाड़ सकती है।
कब ये धब्बे बन सकते हैं खतरे की घंटी?
ज्यादातर मामलों में नाखूनों के ये सफेद धब्बे नुकसानदेह नहीं होते और नाखून के बढ़ने के साथ खुद ही गायब हो जाते हैं। लेकिन अगर ये पूरे नाखून में फैलने लगें, लंबे समय तक ठीक न हों, या नाखून पीले, मोटे या टूटने लगें, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। कुछ दुर्लभ मामलों में यह एनीमिया, लिवर या किडनी से जुड़ी समस्या का संकेत भी हो सकता है। ऐसे में डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना जरूरी है।