Red Fort Blast: लाल किले के पास कार में हुए धमाके में 10 लोगों की मौत, PM मोदी ने लिया हालात का जायजा

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट से अफरातफरी मच गई। धमाके में कुछ लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए। पुलिस और जांच एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं। आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है…

Anuj Shrivastava
पब्लिश्ड10 Nov 2025, 09:46 PM IST
पीएम मोदी ने ली धमाके के बाद हालात की जानकारी
पीएम मोदी ने ली धमाके के बाद हालात की जानकारी

Red Fort Blast: दिल्ली में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए विस्फोट ने दिल्लीवासियों को झकझोर कर रख दिया। जैसे ही शाम 6:52 बजे के करीब धमाका हुआ, पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके की गूंज कई मीटर दूर तक सुनाई दी, और आसपास खड़ी गाड़ियों में भी आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये धमाका एक चलती गाड़ी में हुआ जो रेड लाइट की ओर धीरे-धीरे बढ़ रही थी।

NIA और NSG कर रही मामले की जांच

दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि विस्फोट के वक्त लोग गाड़ी के अंदर ही मौजूद थे। धमाका इतना तेज था कि आसपास की कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा और सड़क पर अफरातफरी मच गई। गोलचा ने कहा कि सभी एजेंसियां—फॉरेंसिक विभाग, एनआईए और एनएसजी—मौके पर जांच कर रही हैं। पुलिस के अनुसार, घटना में कुछ लोगों की मौत हुई है जबकि कई घायल हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

दिल्ली फायर सर्विस के उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी ए.के. मलिक ने बताया कि उन्हें शाम 6:55 बजे घटना की सूचना मिली थी। फायर टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और आग पर लगभग 7:29 बजे तक नियंत्रण पा लिया। मलिक ने कहा कि मौके पर जांच जारी है और पुलिस व फॉरेंसिक टीम लगातार सहयोग में हैं।

यह भी पढ़ें | लाल किले पर भीषण कार धमाके से दहल उठी दिल्ली, सामने आईं तस्वीरें, यहां देखिए

पीएम मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से की बात

विस्फोट के बाद केंद्र सरकार ने तुरंत हालात की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे घटनाक्रम पर नजर रखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और स्थिति की जानकारी ली। गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा से तुरंत रिपोर्ट मांगी और घटना स्थल पर एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें भेजने का निर्देश दिया। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह लगातार खुफिया ब्यूरो के निदेशक से संपर्क में हैं और जांच की हर प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं।

CCTV फुटेज की हो रही जांच

इस हादसे के बाद आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लाल किले और चांदनी चौक क्षेत्र में पुलिस ने बेरिकेडिंग कर यातायात सीमित कर दिया है, जबकि मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भी जांच अपने हाथ में ले ली है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि विस्फोट के कारण और जिम्मेदार तत्वों का पता लगाया जा सके।

यूपी में भी अलर्ट जारी

दिल्ली में ब्लास्ट के बाद पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में भी अलर्ट जारी किया गया है। यूपी के एडीजी (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि डीजीपी ने सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील धार्मिक स्थलों, सीमावर्ती इलाकों और बड़े शहरों में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। लखनऊ और वाराणसी सहित प्रमुख शहरों में पुलिस गश्त और चेकिंग बढ़ा दी गई है।

फिलहाल दिल्ली पुलिस, एनआईए और एनएसजी की टीमें मिलकर घटना की जांच में जुटी हैं। विस्फोट के असली कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन जांच एजेंसियों का कहना है कि हर कोण से मामले की पड़ताल की जा रही है। राजधानी के लोग अब भी उस भयावह धमाके से सहमे हुए हैं और प्रशासन से जल्द सच्चाई सामने आने की उम्मीद कर रहे हैं।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सRed Fort Blast: लाल किले के पास कार में हुए धमाके में 10 लोगों की मौत, PM मोदी ने लिया हालात का जायजा
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सRed Fort Blast: लाल किले के पास कार में हुए धमाके में 10 लोगों की मौत, PM मोदी ने लिया हालात का जायजा
OPEN IN APP