
Rohit Sharma Century: रोहित शर्मा और विराट कोहली ने अपने चिर परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करके आकर्षक पारियां खेल कर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया जिससे भारत ने तीसरे और अंतिम एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शनिवार को यहां ऑस्ट्रेलिया को 69 गेंद शेष रहते हुए नौ विकेट से करारी शिकस्त दी।
भारत के सामने 237 रन का अपेक्षाकृत आसान लक्ष्य था लेकिन रोहित और कोहली ने इसे बौना साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। रोहित ने 125 गेंद पर नाबाद 121 रन बनाए जिसमें 13 चौके और तीन छक्के शामिल हैं। कोहली ने 81 गेंद पर नाबाद 74 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके लगाए।
इन दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 168 रन की अटूट साझेदारी की मदद से भारत ने 38.3 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर दिया। इस तरह से उसने ऑस्ट्रेलिया की क्लीन स्वीप करने की मंशा पर भी पानी फेर दिया जो पहले दो मैच जीत कर तीन मैच की श्रृंखला पहले ही अपने नाम कर चुका था।
इससे पहले तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 39 रन देकर चार विकेट लेकर अपनी क्षमता का परिचय दिया जिससे आस्ट्रेलिया की टीम 46.4 ओवर में 236 रन पर सिमट गई। उसकी तरफ से मैट रेनशॉ ने सर्वाधिक 56 रन बनाए।
एडिलेड में खेले गए दूसरे मैच में 73 रन बनाने वाले रोहित ने अधिक आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की और अपने वनडे करियर का 33वां शतक लगाया। यह उनका 50वां अंतरराष्ट्रीय शतक था। पहले दो मैच में खाता खोलने में नाकाम रहे कोहली अधिक प्रतिबद्ध दिखे। वनडे क्रिकेट के बेताज बादशाह ने अपने करियर का 75वां अर्धशतक लगाया। वह वनडे में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले दूसरे नंबर के बल्लेबाज बन गए हैं।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.