MI vs RR Guwahati: IPL 2026 का रोमांच अपने चरम पर है, लेकिन इस बार मुकाबला खिलाड़ियों से ज्यादा मौसम के बीच होता दिख रहा है। कोलकाता में KKR vs PBKS मैच बारिश की वजह से धुलने के बाद अब सभी की नजरें गुवाहाटी पर टिक गई हैं, जहां राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने हैं।
फैंस को जहां एक हाई-वोल्टेज मैच की उम्मीद है, वहीं आसमान का मिजाज कुछ और ही कहानी कह रहा है। ऐसे में चलिए जानते हैं क्या है पिच रिपोर्ट और मौसम विभाग का क्या है कहना।
गुवाहाटी में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग और एक्यूवेदर की रिपोर्ट फैंस की चिंता बढ़ा रही हैं। दोपहर में गुवाहाटी में गरज के साथ भारी बारिश की 75% संभावना जताई गई है। हालांकि शाम होते-होते बारिश कम होने की उम्मीद है, लेकिन रात में फिर से आंधी-तूफान खेल बिगाड़ सकते हैं। अगर मैच धुला, तो दोनों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ेगा, जो राजस्थान बिल्कुल नहीं चाहेगी क्योंकि वे इस वक्त पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर हैं और जीत उन्हें टॉप पर ले जाएगी।
गुवाहाटी स्टेडियम पिच रिपोर्ट
गुवाहाटी स्थित बारसापारा की पिच इस सीजन में बल्लेबाजों के लिए टेढ़ी खीर साबित हुई है। पिछले मैच में यहां चेन्नई की टीम सिर्फ 127 रनों पर ढेर हो गई थी। नमी और बादलों की वजह से तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद मिलती है। जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर जैसे गेंदबाज इस कंडीशन का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी फायदेमंद
यहां टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करती है। वजह है दूसरी पारी में ओस का असर, जिससे बल्लेबाजी आसान हो जाती है। इसलिए आज टॉस का रोल भी काफी अहम रहने वाला है।
RR को जीत जरूरी, MI को वापसी की तलाश
राजस्थान रॉयल्स इस वक्त पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है और अगर टीम आज जीत जाती है तो सीधे टॉप पर पहुंच सकती है। वहीं मुंबई इंडियंस छठे स्थान पर है और दिल्ली कैपिटल्स से हार के बाद टीम को वापसी की सख्त जरूरत है। ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम बन गया है।
मुंबई इंडियंस को मिली बड़ी राहत
मुंबई इंडियंस के लिए अच्छी खबर ये है कि कप्तान हार्दिक पांड्या टीम में वापसी कर रहे हैं। वह पिछले मैच में वायरल बुखार के कारण नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब फिट होकर लौट रहे हैं। उनकी वापसी से टीम को बैटिंग और बॉलिंग दोनों में मजबूती मिलेगी, जो इस अहम मैच में बड़ा फर्क डाल सकती है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या फैंस को पूरा मैच देखने को मिलेगा या फिर मौसम फिर से खेल बिगाड़ देगा।