बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र 24 नवंबर को निधन हो गया। इस दिग्गज अभिनेता ने सलमान खान (Salman Khan) के शो बिग बॉस में कई बार हिस्सा लिया था। रविवार (7 दिसंबर 2025) को बिग बॉस 19 (Bigg Boss 19) के फिनाले के दौरान सलमान धर्मेंद्र (Dharmendra) को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने सनी देओल और बॉबी देओल की भी तारीफ की कि उन्होंने उनके अंतिम संस्कार और प्रार्थना सभा को बहुत सम्मान के साथ पूरा किया।
सलमान खान धर्मेंद्र को याद कर हुए भावुक
सलमान ने एक वीडियो क्लिप चलाया जिसमें धर्मेंद्र के बिग बॉस सेट पर बिताए पलों को दिखाया गया। वीडियो खत्म होते ही सलमान की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा, “हमने ही-मैन को खो दिया। हमने एक बेहतरीन इंसान को खो दिया। धर्मजी जैसा कोई नहीं है।"
सलमान ने बताया, "उन्होंने जिंदगी राजाओं की तरह जी। उन्होंने हमें सनी, बॉबी और ईशा दिए। इंडस्ट्री में आने के बाद से बस काम ही करते रहे। उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में फिल्में कीं। मेरे करियर में मैंने सिर्फ धर्मजी को फॉलो किया है। उनका चेहरा मासूम था और शरीर शक्तिशाली। उनका वो करिश्मा अंत तक बना रहा। लव यू धर्मजी। हमेशा याद आएंगे।”
उन्होंने कहा कि यह पहली बार था जब उन्होंने सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र से जुड़े इतने प्यार भरे संदेश देखे। बात करते-करते सलमान रो पड़े। उन्होंने कहा, “सबसे बड़ी बात यह है कि उनका निधन 24 नवंबर को हुआ, और यही दिन मेरे पिता का जन्मदिन भी है।"
उन्होंने आगे कहा, “और अगला दिन मेरे माता-पिता दोनों का जन्मदिन होता है। अगर मैं इतना दुखी हूं, तो सोचिए सनी और उनके परिवार पर क्या बीती होगी। मैंने दो बेहद सम्मानजनक अंतिम संस्कार देखे हैं और वो है सूरज बड़जात्या की मां का और धर्मजी का।”
सलमान ने कहा, "उनकी प्रार्थना सभा बेहद सादगी और सम्मान के साथ हुई। हर कोई रो रहा था, लेकिन पूरी शांति और गरिमा के साथ। ये सच में जीवन का उत्सव जैसा था। सनी और बॉबी को सलाम। काश हर अंतिम संस्कार और प्रार्थना सभा इतनी ही सुंदर तरीके से की जाए।”
धर्मेंद्र का निधन
नवंबर में धर्मेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 10 नवंबर के आसपास सोशल मीडिया पर उनकी मौत की अफवाहें फैलने लगीं। लेकिन उनकी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल ने इन अफवाहों को गलत बताया और कहा कि वह ठीक हो रहे हैं।
बाद में परिवार उन्हें घर ले आया। दुख की बात है कि 24 नवंबर को धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरुख खान समेत कई बॉलीवुड सितारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए। धर्मेंद्र अपने छह बच्चों और दो पत्नियों हेमा मालिनी और प्रकाश कौर को पीछे छोड़कर गए।