कॉमेडियन समय रैना ने पिछले साल इंडियाज गॉट लैटेंट विवाद पर खुलकर बात की, जो पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया के एक आपत्तिजनक सवाल की वजह से हुआ था। मंगलवार को रिलीज हुए अपने स्टैंड-अप स्पेशल समय रैना स्टिल अलाइव में उन्होंने बताया कि रणवीर ने वह विवादित सवाल आठ बार पूछा था, लेकिन उन्होंने एडिट में सिर्फ एक बार ही रखा।
समय ने यह भी बताया कि उन्होंने उस सवाल को पूरी तरह हटाया क्यों नहीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज़ में कहा, “मैं तुम्हें मां की कसम सच बताता हूं। उस एपिसोड में अल्लाहबादिया ने वो सवाल 8 बार पूछा था। इसके अलावा भी कई अंट-शंट सवाल पूछे थे। जब मैंने एडिट देखा, तो लगा कि इसने बहुत गंदी बातें की हैं। फिर मैंने सोचा चलो एक रख देता हूं, बाकी सब हटा देता हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरे हिसाब से मैंने 99% गलत कंटेंट हटा दिया था।” समय का यह खुलासा उनके खास अंदाज़ में था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया और इस शो के क्लिप्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
हालांकि यह एक कॉमेडी शो है और कुछ बातें बढ़ा-चढ़ाकर भी कही जा सकती हैं, लेकिन समय के फैंस ने इस मुद्दे पर उनकी ईमानदारी की सराहना की। शो में उन्होंने विवाद के बाद की स्थिति पर भी बात की। उन्होंने बताया कि जब उनके साथी कॉमेडियंस को जान से मारने की धमकियां और कानूनी नोटिस मिले, तो उन्हें बहुत बुरा लगा। इस पूरे मामले से उनके माता-पिता भी काफी परेशान हो गए थे।
पूरा विवाद क्या था?
यह विवाद 2025 में शुरू हुआ था, जब रणवीर अल्लाहबादिया ने इंडियाज गॉट लैटेंट शो में एक ऐसा सवाल पूछा, जिसे लोगों ने आपत्तिजनक माना। सवाल था: “क्या आप अपनी पूरी जिंदगी अपने माता-पिता को हर दिन संबंध बनाते हुए देखना पसंद करेंगे या एक बार खुद शामिल होकर इसे हमेशा के लिए खत्म करना चाहेंगे?”
हालांकि शो के पैनल में मौजूद अपूर्वा मुखीजा और आशीष चंचलानी ने इस पर हंसी में प्रतिक्रिया दी, लेकिन सोशल मीडिया पर इसका भारी विरोध हुआ। रणवीर और शो के निर्माताओं के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की गईं और उन्हें ऑनलाइन ट्रोलिंग व जान से मारने की धमकियां भी मिलीं।
मामला तब और बढ़ गया जब राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इसमें दखल दिया। इसके बाद रणवीर ने लिखित माफी दी। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत दी, लेकिन उनके बयान को “अश्लील” बताते हुए कड़ी टिप्पणी भी की और कहा कि इस तरह की सोच समाज के लिए शर्मनाक है।