SBI PO Salary Revealed: सरकारी बैंक की नौकरी को लेकर अक्सर लोगों में उत्सुकता होती है कि तनख्वाह आखिर कितनी मिलती होगी? इसी सवाल का जवाब हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आया, जब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में प्रोबेशनरी ऑफिसर के तौर पर काम कर रहीं श्वेता उप्पल ने अपनी सैलरी डिटेल्स शेयर कीं। उनका जवाब सुन लोग हैरान रह गए और देखते ही देखते उनका यह वीडियो वायरल हो गया।
SBI PO को कितनी मिलती है सैलरी?
श्वेता उप्पल ने बताया कि उन्होंने 2022 में IBPS PO परीक्षा पास की थी। इसके बाद उनकी नियुक्ति SBI में प्रोबेशनरी ऑफिसर के रूप में हुई। वह पिछले ढाई साल से बैंक में काम कर रही हैं और इस दौरान उन्हें कुल पांच इन्क्रीमेंट मिले हैं। अपने इंस्टाग्राम वीडियो में श्वेता ने खुलासा किया कि उनकी मौजूदा इन-हैंड सैलरी ₹95,000 है। इसके अलावा उन्हें ₹18,500 लीज रेंटल और करीब ₹11,000 अन्य भत्तों के तौर पर मिलते हैं। यानी कुल मिलाकर उनकी मासिक इन-हैंड कमाई ₹1 लाख से ज्यादा हो जाती है।
ढाई साल में कितने इन्क्रीमेंट?
श्वेता ने बताया कि यह सैलरी उन्हें ढाई साल की नौकरी और पांच इन्क्रीमेंट के बाद मिल रही है। इनमें दो सालाना इन्क्रीमेंट और तीन इन्क्रीमेंट JAIIB और CAIIB जैसी प्रोफेशनल बैंकिंग परीक्षाएं पास करने पर मिले हैं। इन परीक्षाओं को पास करने पर कई बैंक कर्मचारियों को अतिरिक्त वेतन वृद्धि दी जाती है।
लोगों का रिएक्शन
श्वेता का वीडियो दो दिनों में ही 10 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। कई लोगों ने इसे प्रेरणादायक बताया, तो कुछ लोग हैरान भी दिखे। कुछ यूजर्स ने पूछा कि क्या SBI PO की सैलरी इतनी ज्यादा होती है, जबकि कुछ ने काम के घंटे और वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर सवाल किए।
एक यूजर ने लिखा, “95K इन-हैंड हर महीने? SBI PO के लिए? मेरा दोस्त भी PO है और वो हमेशा कहता है कि इतनी सैलरी नहीं मिलती। कैसे? क्या PO के लिए अलग-अलग पे स्केल होते हैं?” इसपर श्वेता ने जवाब दिया, “यह 56K बेस से शुरू होता है। इस सैलरी में 5 एडिशनल इन्क्रिमेंट्स जुड़े हैं।”
क्या होता है प्रोबेशनरी ऑफिसर का वर्क प्रोफाइल?
प्रोबेशनरी ऑफिसर बैंक का एंट्री-लेवल मैनेजर होता है। इस दौरान अधिकारी को कस्टमर सर्विस, अकाउंट हैंडलिंग, लोन, कैश मैनेजमेंट और बैंकिंग ऑपरेशंस की ट्रेनिंग दी जाती है। साथ ही उन्हें बैंक प्रोडक्ट्स को प्रमोट करने, स्टाफ को सुपरवाइज करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी निभानी होती है।
नौकरी से आगे का रास्ता
SBI के मुताबिक, PO की पोस्ट युवा ग्रेजुएट्स के लिए बैंकिंग सेक्टर में आगे बढ़ने का मजबूत प्लेटफॉर्म मानी जाती है। इस दौरान अधिकारियों को पर्सनल बैंकिंग से लेकर रूरल बैंकिंग, क्रेडिट, फॉरेक्स और ट्रेजरी जैसे अलग-अलग विभागों में काम करने का मौका मिलता है।