Ayodhya Ram Temple: अयोध्या के राम मंदिर में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां एक शख्स नमाज पढ़ने की कोशिश करने लगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राम मंदिर परिसर के दक्षिणी परकोटे क्षेत्र में आज एक शख्स ने नमाज पढ़ने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने जब उस शख्स को रोकने की कोशिश की, तो वो नारेबाजी करने लगा। हालांकि अब सुरक्षा जवानों ने उसे हिरासत में ले लिया है।
नमाज पढ़ने वाले शख्स की हुई पहचान
मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने की कोशिश करने वाले शख्स की पहचान हो गई है। आरोपी का नाम अब्दुल अहमद शेख है। उसके पास से मिले आधार कार्ड से उसके नाम और घर के पते की जानकारी सामने आई है। आधार कार्ड के अनुसार अब्दुल अहमद शेख श्रीनगर का रहने वाला है। जांच में सुरक्षाकर्मियों को उसके पास से काजू और किशमिश मिले हैं। पूछताछ में उसने अजमेर जाने की बात कही, लेकिन जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वह अयोध्या क्यों आया, किसके कहने पर आया, मंदिर परिसर में क्यों गया और नमाज पढ़ने के पीछे उसकी असली मंशा क्या थी।
इस मामले में कश्मीर में भी पड़ताल शुरू हो गई है। सुरक्षाकर्मी शोपियां स्थित उसके घर पर पहुंचे, जहां बेटे इमरान शेख ने बताया कि उसके पिता करीब पांच से छह दिन पहले घर से निकले थे। परिवार को इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि वह अयोध्या क्यों गए और वहां क्या हुआ।
राम मंदिर की बढ़ी सुरक्षा
इस घटना के बाद अयोध्या और राम मंदिर की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। अयोध्या के CO आशुतोष तिवारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अयोध्या धाम क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है। सभी सेक्टरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। निगरानी के लिए CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।नियमित सुरक्षा जांच जारी है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की स्थिति में तुरंत वेरिफिकेशन और चेकिंग की जा रही है।