
Venezuela news: दक्षिण अमेरिका में हालात अचानक बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। वेनेजुएला की राजधानी काराकस में शनिवार तड़के ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। रात करीब दो बजे कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और कम ऊंचाई पर उड़ते विमानों ने लोगों की नींद उड़ा दी। घबराए लोग अलग-अलग इलाकों में अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने देश में ‘राष्ट्रीय आपातकाल’ घोषित कर दिया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, काराकस के कई इलाकों में कम से कम सात धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। आसमान में नीचे उड़ते विमानों की गूंज ने डर का माहौल और गहरा कर दिया। कुछ धमाके शहर के अलग-अलग हिस्सों से दूर से भी दिखाई दिए। इस अचानक घटनाक्रम के बाद कई मोहल्लों में लोग सड़कों पर इकट्ठा होकर हालात समझने की कोशिश करते नजर आए।
AP की रिपोर्ट के मुताबिक, इन घटनाओं से पहले ही अमेरिकी विमानन नियामक FAA ने वेनेजुएला के हवाई क्षेत्र में अमेरिकी कमर्शियल फ्लाइट्स पर रोक लगा दी थी। वजह बताई गई, “जारी सैन्य गतिविधि।” धमाकों के बाद इस फैसले को और भी गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि इससे हालात की संवेदनशीलता साफ झलकती है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला सरकार ने अमेरिका पर “सैन्य आक्रमण” का आरोप लगाते हुए उसे सिरे से खारिज किया है। सरकारी बयान में कहा गया है कि इस कथित हमले का मकसद वेनेजुएला के तेल और खनिज संसाधनों पर कब्जा जमाना है। सरकार ने इस कार्रवाई को देश की संप्रभुता पर सीधा हमला बताया है।
सरकार की ओर से जारी बयान में समर्थकों से सड़कों पर उतरने की अपील की गई है। बयान में कहा गया है कि बोलिवेरियन सरकार देश की सभी सामाजिक और राजनीतिक ताकतों से एकजुट होकर आंदोलन तेज करने और इस “साम्राज्यवादी हमले” के खिलाफ खुलकर विरोध दर्ज कराने का आह्वान कर रही है। साथ ही यह भी बताया गया कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने सभी राष्ट्रीय रक्षा योजनाओं को तुरंत लागू करने और देश में “बाहरी अशांति की स्थिति” घोषित करने के आदेश दिए हैं।
व्हाइट हाउस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका वेनेजुएला के अंदर सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहा है। एक अमेरिकी पत्रकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन को काराकस में धमाकों और विमानों की गतिविधि की जानकारी है और अंदरूनी ठिकानों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शहर के दक्षिणी हिस्से में, जहां एक बड़ा सैन्य अड्डा है, बिजली गुल हो गई। इससे इलाके में दहशत और अफवाहों का माहौल बन गया। वहीं, मादुरो ने हाल ही में कहा था कि वह वॉशिंगटन के साथ सहयोग को लेकर बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन मौजूदा घटनाओं ने हालात को और जटिल बना दिया है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.