IndiGo Airlines flight Cancellations: इंडिगो एयरलाइंस के यात्रियों की परेशानी खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार से शुरू हुआ विमानों के रद्द होने का सिलसिला आज भी जारी है। आज भी इंडिगो की करीब 8 प्रतिशत फ्लाइट कैंसिल हैं। हैदराबाद और दिल्ली एयरपोर्ट को मिलाकर कुल 100 फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं। फ्लाइट्स के कैंसिल होने से यात्री काफी परेशान नजर आ रहे हैं।
कहां-कहां की फ्लाइट्स हुईं कैंसिल?
दिल्ली से नागपुर, कोचीन कोलकाता, पुणे, मुंबई, वडोदरा, पटना और भोपाल एयरपोर्ट को जाने वाली इंडिगो की कई फ्लाइट को आज रद्द कर दिया गया था। बुधवार को भी कई फ्लाइट्स रद्द थीं। वहीं बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर IndiGo की 100 फ्लाइट रद्द कर दी गई हैं। इसमें कोलकाता, गोवा, दिल्ली, हैदराबाद और पुणे जाने वाली फ्लाइट शामिल हैं।
यात्री हुई काफी परेशान
दिल्ली हो या बेंगलुरु हर एयरपोर्ट पर इंडिगो से टिकट करवाने वाले यात्री सिर पकड़कर बैठे हैं। एक यात्री ने एक्स पर अपनी भड़ास निकालने हुए लिखा कि शर्म आनी चाहिए, इंडिगो! यात्रियों का आरोप है कि इंडिगो के अधिकारी फ्लाइट्स को लेकर कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं और सवाल पूछने पर टालमटोल कर दे रहे हैं।
नवंबर में हुई 1200 से अधिक फ्लाट्स कैंसिल
इंडिगो द्वारा हाल में उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर महीने में कुल 1,232 उड़ानें रद्द हुईं। इनमें से 755 उड़ानें चालक दल की उपलब्धता और एफडीटीएल नियमों का अनुपालन न हो पाने के कारण रद्द करनी पड़ीं। फ्लाइटों के रद्द होने पर डीजीसीए ने कहा कि वो इस स्थिति की जांच कर रहा है और एयरलाइन के साथ मिलकर ऐसे कदम ढूंढ रहा है, जिनसे उड़ानों के रद्दीकरण एवं देरी को कम किया जा सके और यात्रियों को होने वाली असुविधा को घटाया जा सके।इंडिगो को डीजीसीए मुख्यालय में पेश होकर यह बताना होगा कि मौजूदा अव्यवस्था किस कारण हुई और इसे दूर करने के लिए क्या उपाय किए जा रहे हैं।