एक रात की नींद कर देगी बीमारियों की भविष्यवाणी, SleepFM AI तो कमाल है!

वैज्ञानिकों ने 'SleepFM' नामक एक क्रांतिकारी AI मॉडल विकसित किया है, जो आपकी नींद के डेटा (PSG) का विश्लेषण कर भविष्य की गंभीर बीमारियों का सटीक पूर्वानुमान लगा सकता है। यह 5.85 लाख घंटों के डेटा पर आधारित है और हार्ट फेलियर व डिमेंशिया जैसी बीमारियों को वर्षों पहले पहचानने में सक्षम है।

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड12 Jan 2026, 11:44 AM IST
नींद से होगी बीमारियों की भविष्यवाणी (सांकेतिक तस्वीर)
नींद से होगी बीमारियों की भविष्यवाणी (सांकेतिक तस्वीर)(pexels)

Sleep Monitor: हमारी नींद केवल थकान मिटाने का जरिया नहीं, बल्कि हमारे शरीर का 'अर्ली वार्निंग सिस्टम' है। हालिया शोध में वैज्ञानिकों ने 'SleepFM' नामक एक फाउंडेशन मॉडल पेश किया है, जो नींद के दौरान मस्तिष्क की लहरों (EEG), दिल की धड़कन (ECG) और श्वसन क्रिया के बारीक तालमेल को समझकर यह बता सकता है कि आपको भविष्य में कौन सी बीमारी हो सकती है। यह तकनीक भारत के उन इलाकों के लिए गेम-चेंजर हो सकती है जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है।

क्या है SleepFM और यह कैसे काम करता है?

स्लीपएफएम एक आधुनिक एआई मॉडल है जिसे 65,000 से अधिक लोगों के 5.85 लाख घंटों के 'पॉलीसोम्नोग्राफी' (PSG) डेटा पर प्रशिक्षित किया गया है। पारंपरिक तरीकों के विपरीत, जहां डॉक्टर घंटों बैठकर चार्ट देखते हैं, यह एआई खुद-ब-खुद नींद के पैटर्न और अंगों के बीच के जटिल संबंधों को पहचान लेता है। यह एक 'चैनल-अग्नोस्टिक' मॉडल है, जिसका अर्थ है कि अगर अस्पताल में कोई एक मशीन, जैसे केवल श्वसन जांच उपलब्ध न भी हो, तब भी यह सटीक नतीजे देने में सक्षम है।

यह किन बीमारियों का पहले से पता लगा सकता है?

अध्ययन के अनुसार, स्लीपएफएम ने सामान्य डेमोग्राफिक डेटा (उम्र, लिंग, वजन) की तुलना में कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। यह विशेष रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों में प्रभावी पाया गया है।

न्यूरोलॉजिकल: डिमेंशिया के मामलों में इसका स्कोर 0.99 रहा, जो लगभग सटीक है।

मानसिक स्वास्थ्य: डिप्रेशन और चिंता के संकेतों की पहचान।

हृदय रोग: हार्ट फेलियर और एथेरोस्क्लेरोसिस (धमनियों का सख्त होना) की पहचान यह बहुत पहले कर सकता है।

मेटाबॉलिक: टाइप-2 डायबिटीज से जुड़ी जटिलताओं और रेटिनोपैथी का पूर्वानुमान।

मृत्यु दर: किसी भी बीमारी से होने वाली मौत के मामलों में इसका पूर्वानुमान 85% सटीक रहा।

क्या यह मौजूदा मशीनों और डॉक्टरों से बेहतर है?

शोध के दौरान जब स्लीपएफम की तुलना पुराने 'सुपरवाइज्ड' मॉडल से की गई, तो इसने 5% से 17% तक बेहतर परिणाम दिए। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह 'ट्रांसफर लर्निंग' में माहिर है- यानी अगर इसे स्टैनफोर्ड के डेटा पर सिखाया गया है, तो भी यह भारत या किसी अन्य देश के मरीजों के डेटा पर उतना ही सटीक काम करेगा। यह उन स्थितियों को भी पकड़ लेता है जिन्हें मानवीय आंखें या साधारण एल्गोरिदम नजरअंदाज कर देते हैं।

भारत सरकार के हेल्थ मिशन में आ सकती है क्रांति

छोटे शहरों या ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अक्सर महंगे टेस्ट और बड़े अस्पतालों तक पहुंच मुश्किल होती है। स्लीपएफएम जैसी तकनीक का लाभ यह है कि इसे कम डेटा और सीमित संसाधनों वाले क्लीनिकों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। उदाहरण के लिए, यदि किसी छोटे शहर के क्लीनिक में केवल बेसिक स्लीप मॉनिटरिंग की सुविधा है, तो भी यह एआई मॉडल वहां के डेटा को प्रोसेस करके गंभीर खतरों की चेतावनी दे सकता है। यह 'डिजिटल हेल्थ मिशन' के तहत भविष्य के हेल्थ चेकअप का आधार बन सकता है।

स्वास्थ्य से जुड़ी सारी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सएक रात की नींद कर देगी बीमारियों की भविष्यवाणी, SleepFM AI तो कमाल है!
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सएक रात की नींद कर देगी बीमारियों की भविष्यवाणी, SleepFM AI तो कमाल है!