अनिल कपूर ने अपनी बेटी सोनम कपूर और दामाद आनंद आहूजा के दूसरे बेटे के जन्म पर खुशी जताते हुए एक भावुक संदेश साझा किया। इस खुशखबरी से कपूर और आहूजा परिवार में उत्साह का माहौल है।
सोशल मीडिया पर अनिल कपूर ने लिखा, “और ऐसे ही… मेरा दिल और बड़ा हो गया। मेरे नन्हे बच्चे, दुनिया में तुम्हारा स्वागत है। तुम पहले से ही बहुत प्यारे हो। धन्यवाद सोनम और आनंद, नाना का दिल खुशियों से भर गया है। इस खूबसूरत सफर में स्वागत है।” उन्होंने अपने बड़े नाती वायु का भी जिक्र किया और कहा कि वह अपने छोटे भाई का अच्छे से ख्याल रखेगा।
रविवार को सोनम कपूर और आनंद आहूजा ने अपने दूसरे बेटे के जन्म की घोषणा की। उन्होंने एक सुंदर डिजिटल तस्वीर शेयर की, जिसमें प्रकृति के बीच एक महिला ध्यान मुद्रा में दिख रही है और आसपास हिरण, मोर व पक्षी नजर आ रहे हैं।
पोस्ट में लिखा था कि 29 मार्च 2026 को उनके बेटे का जन्म हुआ है। परिवार अब चार लोगों का हो गया है और उनका दिल खुशियों से भर गया है। वायु भी अपने छोटे भाई के आने से बहुत खुश है।
इस खबर के बाद कई सितारों ने बधाई दी, जिनमें आलिया भट्ट, काजोल, अनुराग कश्यप, करीना कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, परिणीति चोपड़ा, बिपाशा बसु, अनुपम खेर, दिया मिर्जा, स्वरा भास्कर, जया अख्तर, रिचा चड्ढा और अन्य शामिल हैं।
कपूर परिवार से संजय कपूर, महीप कपूर और रिया कपूर ने भी शुभकामनाएं दीं। सोनम कपूर और आनंद आहूजा कई सालों से लंदन में रह रहे हैं। दोनों ने 2018 में शादी की थी और 2022 में उनके पहले बेटे वायु का जन्म हुआ था। नवंबर 2025 में सोनम ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी।
काम की बात करें तो सोनम कपूर आखिरी बार फिल्म ब्लिंग में नजर आई थीं, जो सुजॉय घोष के प्रोडक्शन में बनी थी। इस फिल्म का निर्देशन शोम मखीजा ने किया था और इसमें पुरब कोहली, विनय पाठक और लिलेट दुबे भी अहम भूमिकाओं में थे। यह फिल्म 2023 में रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों से खास प्रतिक्रिया नहीं मिली।