Traffic Alert for Sonu Nigam Concert : दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शनिवार, 28 मार्च 2026 को मशहूर सिंगर सोनू निगम का 'सतरंगी रे' लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट होने जा रहा है। शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक चलने वाले इस इवेंट के कारण आसपास की सड़कों पर भारी भीड़ रहने की उम्मीद है। ट्रैफिक जाम से बचने और समय पर पहुंचने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की इस गाइडलाइन को समझना आपके लिए बहुत जरूरी है।
इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक का असर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कॉन्सर्ट वाले दिन दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक सड़कों पर सबसे ज्यादा दबाव रहेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे IP मार्ग (MGM रोड), विकास मार्ग और राजघाट से IP डिपो तक रिंग रोड पर जाने से बचें। राजघाट से IP मार्ग तक किसी भी भारी वाहन (Heavy Vehicles) को आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
स्टेडियम में एंट्री के लिए तय किए गए गेट
स्टेडियम में एंट्री के लिए अलग-अलग गेट्स के लिए रूट तय किए गए हैं-
गेट नंबर 7 और 8: इन गेट्स से एंट्री लेने वाले दर्शकों को वेलोड्रोम रोड (Velodrome Road) का इस्तेमाल करना होगा।
गेट नंबर 16, 18, 21 और 22: इन गेट्स के लिए एंट्री MGM रोड के जरिए दी जाएगी।
पार्किंग के कड़े नियम और निर्देश
स्टेडियम के पास केवल उन्हीं गाड़ियों को पार्किंग मिलेगी जिन पर वैध पार्किंग लेबल लगा होगा। पुलिस ने साफ किया है कि विंडस्क्रीन पर पार्किंग लेबल लगाना अनिवार्य है और उस पर गाड़ी का नंबर लिखा होना चाहिए। बिना लेबल वाली गाड़ियों को स्टेडियम के पास नहीं आने दिया जाएगा। पार्किंग लेबल रखने वालों को रिंग रोड से होते हुए MGM रोड के रास्ते पार्किंग लॉट में जाना होगा।
नो-पार्किंग जोन और पुलिस की चेतावनी
राजघाट से आई.पी. फ्लाईओवर तक रिंग रोड के दोनों तरफ किसी भी गाड़ी को पार्क करने की इजाजत नहीं है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने चेतावनी दी है कि, "निर्धारित रास्तों पर पार्क की गई गाड़ियों को क्रेन से उठा लिया जाएगा और मालिकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने और मौके पर तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।