अंडर-19 एशिया कप 2025 के पहले सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 8 विकेट से मात दी। दुबई के आईसीसी अकादमी ग्राउंड पर बारिश के कारण मुकाबला 20-20 ओवर का रहा। टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाया और श्रीलंका को बड़े स्कोर से दूर रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर सिर्फ 138 रन ही बना सकी। एक समय उसके 5 विकेट महज 81 रन पर गिर चुके थे। हेनिल पटेल और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट झटके। किशन सिंह ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 20 रन दिए। कोई भी श्रीलंकाई बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका।
विहान-जॉर्ज की मैच जिताऊ साझेदारी
139 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को शुरुआती झटके लगे, लेकिन विहान मल्होत्रा की नाबाद 61 रनों की और एरोन जॉर्ज की नाबाद 58 रनों की पारी ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों के बीच 87 गेंदों में 114 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। विहान ने 45 गेंदों में आक्रामक अर्धशतक जड़ा, जबकि जॉर्ज ने लगातार तीसरे मैच में 50 से अधिक का स्कोर बनाकर अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी।
फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगा भारत
इस जीत के साथ भारत ने फाइनल में जगह बना ली, जहां उसका सामना पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान ने दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया। खास बात यह है कि 2014 के बाद पहली बार अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे, जिससे एशिया कप के फाइनल मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया है। बता दें कि फाइनल मुकाबला 21 दिसंबर को दुबई के आईसीसी अकादमी ग्राउंड पर खेला जाएगा।