Success Story: मेहनत के बल पर न सिर्फ अपने सपने पूरे किए जा सकते है, बल्कि भाग्य भी बदला जा सकता है। ऐसे ही उत्तराखंड के रहने वाले अतुल ने यह सब साबित कर दिया है। अतुल कुमार की राह बेहद कठिन थी, लेकिन कभी उससे विचलित नहीं हुए। अतुल दिन भर केदारनाथ में खच्चर हांकते थे, ताकि वो अपनी पढ़ाई के लिए पैसे जुटा सकें। इसके बाद रात भर अपनी पढ़ाई करते थे। फिर कठोर मेहनत के बाद अतुल ने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया। अतुल कुमार ने JAM 2025 में 649वीं रैंक हासिल हुआ है। अब वह आईआईटी मद्रास में मैथमेटिक्स से M. Sc. करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तराखंड के बीरो देवल गांव के अतुल की अब तक की पढ़ाई का सफर चुनौतियों भरा रहा। उनकी स्कूलिंग उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में हुई। उन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई बासुकेदार के राजकीय इंटर कॉलेज से की। 10वीं कक्षा में उनके 94.8 फीसदी अंक मिले थे। राज्य में उन्होंने 17वां स्थान हासिल किया था, जबकि 12वीं में 92.8 फीसदी अक हासिल करके राज्य में 21वां स्थान हासिल किया था।
परिवार की आर्थिक हालत खराब
अतुल के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। अतुल का परिवार घोड़े खच्चरों का संचालन करता है। वहीं अतुल भी केदारनाथ धाम में घोड़े और खच्चर चलाते है। इसी से उनके परिवार का भरण पोषण होता है। अपनी पढ़ाई के खर्च के लिए अतुल भी यह काम करते थे। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। अतुल अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हैं।
गढ़वाल विश्वविद्यालय से अतुल ने की बीएससी
12वीं परीक्षा पास करने के बाद अतुल ने गढ़वाल के श्रीनगर स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (एचएनबी गढ़वाल यूनिवर्सिटी) से बीएससी किया। उन्होंने बीएससी के पांचो सेमेस्टर में 80 फीसदी से अधिक अंक हासिल किए और वर्तमान में वे अंतिम सेमेस्टर के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। अतुल ने आईआईटी जेएएम परीक्षा 2025 में आल इंडिया लेवल पर 649 रैंक हासिल की है। अतुल का आईआईटी (Indian Institute of Technology) मद्रास में चयन हुआ है, जहां से अतुल M.Sc. गणित की पढ़ाई करेंगे। अतुल की सफलता सभी के लिए एक प्रेरणा है, जो अपने सपने को लाख मुश्किलों के बाद भी पूरा करना चाहते हैं।