Success Story: IIT से पढ़ाई कर नौकरी हासिल करना, UPSC परीक्षा पास कर एक बड़े अधिकारी बन जाने को ही बहुत से लोग सफलता मान लेते हैं। लेकिन कुछ लोगों के लिए यह सफलता अधूरी होती है। ऐसे लोग जब अपने अंदर की आवाज सुनकर आजाद होते हैं, उसे ही सफलता मानते हैं। आज हम एक ऐसे ही शख्स की चर्चा कर रहे हैं, जिन्होंने आईआईटी से पढ़ाई की, इसके बाद आईएएस बनकर देश सेवी की और बाद में सारा ठाठ-बाट छोड़कर संगीत की दुनिया में महफिल जमाने लगे। हम बात कर रहे हैं पूर्व आईएएस कशिश मित्तल के बारे में। इनके गाने के वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया में सुर्खियां बटोर रहे हैं, जिन्हें सुनकर लोग मस्ती में झूम रहे हैं।
कशिश मित्तल 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, उन्होंने साल 2019 में आईएएस के पद से इस्तीफा दे दिया था। मित्तल आईएएस के रूप में कई बड़े पदों पर और प्रमुख विभागों में काम कर चुके हैं। अब उनका वायरल वीडियो देख कर लोग तारीफों के पुल बांध रहे हैं। लोग इस बात से ज्यादा हैरान हैं कि एक पूर्व आईएएस अधिकारी भी अच्छा गा सकता है।
जानिए कौन हैं कशिशि मित्तल?
कशिश मित्तल का जन्म 1989 में पंजाब के जालंधर शहर में हुआ था। उनके पिता आईपीएस अधिकारी हैं। कशिश जब सिर्फ 8 साल के थे तभी से संगीत की ट्रेनिंग शुरू कर चुके थे। हिंदुस्तानी क्लासिकल संगीत की ट्रेनिंग करते हुए कशिश ने 11 साल की उम्र में पंजाब के हरिबल्लभ सम्मेलन में पहली प्रस्तुति दी थी। पंडित यशपाल शर्मा से ट्रेनिंग लेते हुए कशिश ने ट्रेडिशनल खयाल गायकी में अभ्यास किया। कशिश को दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो से ग्रेड 'ए' आर्टिस्ट की लिस्ट में भी शामिल हैं। कशिश स्कूल के दिनों से ही पढ़ने में भी काफी तेज थे और आईआईटी निकालने के बाद दिल्ली से बीटेक की डिग्री हासिल की। इसके बाद अपने पिता की तरह यूपीएससी परीक्षा की तैयारी करने लगे। पहले ही अटेम्प्ट में कशिश ने यूपीएससी की परीक्षा भी पास कर ली।
कशिश मित्तल के लिंक्डइन प्रोफाइल से पता चलता है कि आईएएस अधिकारी बनने से पहले उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी आईआईटी दिल्ली से पढ़ाई की थी। आमतौर पर किसी टॉप आईआईटी में दाखिला पाना ही लाखों छात्रों का सपना होता है और कशिश की उपलब्धि ये है कि उन्होंने जेईई में ऑल इंडिया 6वीं रैंक हासिल की थी। उसके बाद आईआईटी दिल्ली में एडमिशन लेकर कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की थी।
UPSC में हासिल की 58वीं रैंक
आईआईटी दिल्ली से बीटेक करने के बाद कशिश ने यूपीएससी परीक्षा में हाथ आजमाने का सोचा और अपने पहले ही प्रयास में उन्होंने शानदार सफलता हासिल कर ली। दरअसल, उनके पिता एक आईपीएस अधिकारी हैं और उन्हीं से प्रेरणा लेकर वह भी सिविल सेवा में आए। साल 2011 में सिर्फ 21 साल की उम्र में उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 58वीं रैंक हासिल की थी, जिसके बाद उनका चयन आईएएस अधिकारी के रूप में हुआ। उन्हें AGMUT (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-यूनियन टेरिटरी) कैडर मिला था।
साल 2019 में नौकरी से दिया इस्तीफा
कशिश ने कम उम्र में अपनी जिंदगी में सफलता की कई मुश्किल सीढियां चढ़ ली थीं। लेकिन फिर भी उनका मन गायकी में लगा रहता था। कुछ साल सरकारी ठाठ का आनंद लेने के बाद 2019 में उनका ट्रांसफर अरुणाचल प्रदेश में किया जा रहा था। लेकिन उन्हें ये बात नहीं जमी और उन्होंने नौकरी से इस्तीफा दे दिया। सरकारी ठाठ से दूर होकर कशिश ने संगीत में ही अपना करियर बनाने का फैसला लिया।
शास्त्रीय संगीत में महारत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईएएस अधिकारी के पद से इस्तीफा देने के बाद वो माइक्रोसॉफ्ट में प्रिंसिपल रिसर्च प्रोग्राम मैनेजर के पद पर शामिल हुए और करीब पांच साल तक यहां काम किया। फिर इसी साल मार्च में उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट छोड़ दिया और AI स्टार्टअप Disha AI की शुरुआत की। कशिश एक सिंगर और म्यूजिशियन भी हैं। हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत में उन्हें महारत हासिल है। उनके सिंगिंग वाले वीडियोज तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रहे हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 80 हजार के करीब फॉलोवर्स हैं।