Success Story: आजकल लोग फास्ट फूड बड़े चाव से खाते हैं। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। पिज्जा, नूडल्स से भारतीय बाजार भरे पड़े हैं। इसमें बर्गर भी शामिल है। आज बर्गर बनाने वाली कई सारी कंपनियां भारत में मौजूद हैं। हम आपको जिस कंपनी के बारे में बताने जा रहे हैं वह देसी स्वाद वाला बर्गर बनाने में सबसे आगे है। ये ब्रांड ‘बर्गर सिंह’ है। ‘बर्गर सिंह’ वास्तव में उनके एक रेस्टोरेंट ( Burger Singh Restaurant) का नाम है। इसके बनने की कहानी ब्रिटेन से शुरू होती है। अब ये भारत समेत दुनिया के कई और देशों में अपने ब्रांड का जलवा बिखेर रहा है।
ब्रिटेन की बर्मिंघम यूनिवर्सिटी से एमबीए करने वाले कबीर जीत सिंह ने बहुत पहले ही खुद का बिज़नेस करने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। अपने उसी लक्ष्य पर फोकस करते हुए उन्होंने कई नौकरियां की और आज उनके द्वारा बनाया हुआ बर्गर सिंह हर उम्र के लोगों को पसंद आ रहा है। कबीर जीत सिंह का जन्म एक आर्मी परिवार में हुआ। उनके पिता चाहते थे कि कबीर भी उनकी तरह सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करे। लेकिन कबीर के मन में हमेशा से कुछ अलग करने की चाह थी।
एक छोटे से आइडिया से हुई शुरुआत
Burger Singh के संस्थापक कबीर जीत सिंह का सफर काफी दिलचस्प रहा है। करीब चार साल कॉरपोरेट दुनिया में काम करने के बाद कबीर MBA करने के लिए यूके की यूनिवर्सिटी ऑफ़ बर्मिंघम गए। वहां पढ़ाई के साथ-साथ वह पार्ट-टाइम एक बर्गर आउटलेट में काम करते थे। इसी दौरान उन्हें यह आइडिया आया कि अगर वेस्टर्न बर्गर में भारतीय फ्लेवर मिलाए जाएं, तो यह एक नया और अलग कॉन्सेप्ट बन सकता है। उन्होंने जब इस तरह के बर्गर बनाकर ग्राहकों को परोसे तो वे तुरंत हिट हो गए। ग्राहकों को उनके बनाए बर्गर इतने पसंद आए कि उन्होंने उन्हें प्यार से ‘Burger Singh’ कहना शुरू कर दिया।
करोड़ों में कारोबार
ब्रिटेन में काम करने के बाद वह भारत लौट आए थे। कबीर ने भारत के मार्केट को समझने के लिए यहां नौकरी की। इस बीच उनके दिमाग में बर्गर सिंह को शुरू करने का आईडिया आया। इसके बाद कबीर ने साल 2014 में बर्गर सिंह की शुरुआत की थी। उन्होंने पहला आउटलेट गुरुग्राम में 30 लाख रुपये के निवेश से शुरू किया था। आज देश के 14 राज्यों में बर्गर सिंह के सौ से ज्यादा आउटलेट खुल चुके हैं। 30 लाख रुपये से शुरू हुआ "बर्गर सिंह" आज 60 करोड़ का मल्टीसिटी चेन बन चुका है।
कंपनी की कमाई
बर्गर सिंह का लक्ष्य है कि FY26 तक 300 आउटलेट्स पूरे किए जाएं। इसके लिए कंपनी ने एक ओनर-पार्टनर फ्रैंचाइज़ मॉडल लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआत सिर्फ ₹24 लाख से की जा सकती है और 20–24 महीनों में अच्छा ROI मिलने की उम्मीद है।