Sukhbir Singh Badal Attack: शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर आज जानलेवा हमला हुआ। महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारा माता साहिब कौर में बादल परिवार संग मत्था टेकने गए थे। वहीं पर एक निहंग ने उनके ऊपर हमला कर दिया, जिसमें वो घायल हो गए हैं। निहंग ने सुखबीर सिंह बादल के सुरक्षाकर्मी पर भी हमला किया।
हमले के बाद का वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि पंजाब के पूर्व सीएम सुखबीर सिंह बादल के दाहिने हाथ में चोट आई है। हमले के तुरंत बाद उन्हें यशोसाई अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में एक शख्स को डिटेन किया है।
सीएम फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की जांच के आदेश देते हुए अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी मांगी है। पुलिस हमले के कारणों और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
अब कैसी है सुखबीर सिंह बादल की तबीयत?
इस बीच नांदेड़ के जिलाधिकारी ने सुखबीर बादल की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि उनकी हालत अब खतरे से बाहर है और वह स्थिर हैं। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं और प्रशासन की ओर से मामले की जांच के साथ-साथ आगे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है। बता दें कि ये कोई पहली बार नहीं है, जब सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला हुआ हो। इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में के बाहर भी उनके ऊपर गोली चालाने की कोशिश की गई थी।