
IPL 2025: मुंबई इंडियंस (MI) के लिए IPL 2025 का पहला मैच 23 मार्च (रविवार) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा। इस मुकाबले में टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) संभालेंगे क्योंकि नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) पहले मैच के लिए निलंबित हैं।
पिछले सीजन यानी IPL 2024 में हार्दिक पंड्या की टीम तीन बार धीमी ओवर गति (slow over-rate) के लिए दोषी पाई गई थी। आखिरी बार यह गलती लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में हुई, जिसके चलते पंड्या को 30% मैच फीस का जुर्माना भी भरना पड़ा। नियमों के अनुसार, तीसरी बार इस गलती को दोहराने पर कप्तान को एक मैच का निलंबन झेलना पड़ता है, इसलिए वह MI के पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे।
MI के प्री-सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस में हार्दिक ने कहा, "यह मेरे नियंत्रण से बाहर था। हमने पिछली बार 2-2.5 मिनट देरी से ओवर डाला, लेकिन तब मुझे इसके नतीजों का अंदाजा नहीं था। यह दुर्भाग्यपूर्ण था, लेकिन नियमों का पालन करना जरूरी है।"
सूर्यकुमार यादव भारतीय T20 टीम के कप्तान भी हैं और हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ 4-1 से शानदार सीरीज जीत दिलाई थी। हालांकि, उनकी बल्लेबाजी फॉर्म उस सीरीज में खास नहीं रही और उन्होंने पांच मैचों में केवल 38 रन बनाए।
मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने बताया कि BCCI ने हार्दिक के एक मैच के निलंबन की जानकारी टीम को पहले ही दे दी थी।
IPL 2024 में MI का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टीम 14 में से सिर्फ 4 मैच जीत सकी और 10 में हार का सामना करना पड़ा। यह हार्दिक पंड्या का कप्तान के रूप में पहला सीजन था, उन्होंने रोहित शर्मा से टीम की कमान संभाली थी, लेकिन टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।
हार्दिक का मानना है कि टीम को वापसी करने के लिए बस अच्छा क्रिकेट खेलना होगा। उन्होंने कहा, "यह कोई रॉकेट साइंस नहीं है, हमें बस अच्छा क्रिकेट खेलना है, एक-दूसरे का समर्थन करना है और खेल का आनंद लेना है।"
हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस के दूसरे मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 29 मार्च को वापसी करेंगे।
मुंबई इंडियंस को तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर भी चिंता है। टीम के हेड कोच महेला जयवर्धने ने बताया कि बुमराह फिलहाल NCA (नेशनल क्रिकेट अकादमी) में रिहैब कर रहे हैं और उनकी वापसी की तारीख तय नहीं हुई है।
बुमराह जनवरी में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी टेस्ट के दौरान पीठ की चोट से जूझ रहे थे, जिसके कारण वह चैम्पियंस ट्रॉफी भी मिस कर चुके हैं। जयवर्धने ने कहा, “हम उनके बारे में कोई जल्दबाजी नहीं करेंगे। उनकी रिकवरी सही दिशा में जा रही है और हम हर दिन उनकी प्रगति पर नजर रख रहे हैं।”
हालांकि बुमराह की वापसी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, लेकिन कप्तान हार्दिक पंड्या का मानना है कि ड्रेसिंग रूम में बुमराह जैसे अनुभवी खिलाड़ी का होना टीम के लिए फायदेमंद रहेगा।
बुमराह के अप्रैल के पहले हफ्ते में मुंबई इंडियंस से जुड़ने की उम्मीद है। हार्दिक ने कहा, "मेरे साथ तीन अनुभवी कप्तान खेल रहे हैं - रोहित, सूर्या और बुमराह। ये सभी मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं और जब भी मुझे उनकी जरूरत होती है, वे मेरे साथ होते हैं।"
MI Predicted XI: रोहित शर्मा, Ryan Rickelton, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, रॉबिन मिंज, Will Jacks, Mitchell Santner, जसप्रीत बुमराह, Trent Boult, करण शर्मा।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.