Bondi Beach Shooting: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां के मशहूर बॉन्डी बीच पर शनिवार को अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। दो हमलावरों ने भीड़ पर फायरिंग कर दी, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। चश्मदीदों का कहना है कि करीब 50 राउंड गोलियां चलाई गईं। कुछ ही पलों में खुशियों का माहौल चीख-पुकार और डर में बदल गया।
प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस घटना को 'चौंकाने वाला और बेहद दुखद' बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस और इमरजेंसी टीमें मौके पर मौजूद हैं और लोगों की जान बचाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) कमिश्नर और न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर से बात की है और पुलिस लगातार अपडेट दे रही है।
पुलिस की कार्रवाई
न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने शाम 7:47 बजे (ऑस्ट्रेलियन टाइम) सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया कि वे एक इस घटना से निपट रहे हैं। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को तुरंत शेल्टर लेने की सलाह दी। बाद में पुलिस ने बताया कि दोनों हमलावरों को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि पुलिस ऑपरेशन अभी भी जारी है और लोगों से इलाके से दूर रहने और सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
त्योहार के बीच हमला
यह फायरिंग उस वक्त हुई, जब आठ दिन तक चलने वाले यहूदी पर्व हनुक्का की शुरुआत हो रही थी। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6.30 बजे, जब सैकड़ों लोग समुद्र किनारे इस खास मौके को मनाने के लिए जुटे थे, तभी गोलियां चलने लगीं।
बॉन्डी बीच जैसी भीड़भाड़ वाली और मशहूर जगह पर हुई इस फायरिंग ने पूरे ऑस्ट्रेलिया को झकझोर कर रख दिया है। त्योहार की शुरुआत पर मातम का साया छा गया है। पुलिस जांच जारी है और आने वाले समय में इस हमले से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
बच्चों-बुजुर्गों को भी निशाना बनाया
घटना में मौजूद एक शख्स ने द हेराल्ड को बताया कि हमलावरों ने बच्चों और बुजुर्गों को भी निशाना बनाया। मौके पर मौजूद कुछ लोग दूसरों को बचाने के लिए CPR करते दिखाई दिए। यह मंजर बेहद डरावना और दिल दहला देने वाला था।
ओपोजिशन लीडर की अपील
ऑस्ट्रेलिया की विपक्ष की नेता सुसन लेय ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई लोग गहरे शोक में हैं। उन्होंने कहा कि "नफरत से भरी हिंसा ने बॉन्डी जैसी मशहूर और प्यारी जगह के दिल पर हमला किया है।" उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताया और प्रधानमंत्री के साथ मिलकर सभी नागरिकों से पुलिस और प्रशासन की सलाह मानने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह हमला उस समय हुआ जब यहूदी समुदाय चानुकाह बाय द सी उत्सव मना रहे थे। यह त्योहार शांति और उम्मीद का प्रतीक है, लेकिन नफरत ने इसे बीच में ही तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि उनका दिल ऑस्ट्रेलिया के यहूदी समुदाय के साथ है, खासकर सिडनी के पूर्वी इलाकों में रहने वाले लोगों के साथ।