T20 Winners Prize Money: ट्रॉफी के साथ मिलेगा मोटा चेक! जानिए टी20 फाइनल जीतने वाली टीम को कितना मिलेगा प्राइज मनी?

T20 Winners Prize Money: इस बार आईसीसी ने कुल 120 करोड़ का प्राइज पूल रखा है, जो 2024 से 20% ज्यादा है। जानें, मैच जीतने वाले और रनरअप को कितना कॅश प्राइज मिलेगा। वहीं सेमीफाइनल और सुपर-8 में पहुंचने वाली टीमों पर भी करोड़ों की बारिश होगी।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड8 Mar 2026, 08:08 PM IST
टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले को कितना मिलेगा प्राइज मनी?
टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले को कितना मिलेगा प्राइज मनी?

T20 Winners Prize Money: क्रिकेट के मैदान पर जब चौके-छक्कों की बरसात होती है, तो फैंस का जोश सातवें आसमान पर होता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस पसीने और मेहनत के बदले खिलाड़ियों और उनकी टीमों को कितना मिलता है। तो चलिए जानते हैं टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले, रनर्स अप और बाकी टीमों को कितना प्राइज मनी मिलेगा।

इस बार दांव पर है बंपर प्राइज मनी

बता दें आईसीसी ने इस बार पैसों का पिटारा कुछ ज्यादा ही बड़ा खोल दिया है। आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए कुल 13.5 मिलियन डॉलर यानी लगभग 120 करोड़ रुपये का प्राइज पूल रखा है। यह पिछले यानी 2024 के वर्ल्ड कप से करीब 20% ज्यादा है। 2024 में कुल इनामी राशि 11.25 मिलियन डॉलर थी।

आज के फाइनल में जो भी टीम जीतेगी, वह सिर्फ वर्ल्ड चैंपियन नहीं कहलाएगी, बल्कि मालामाल भी हो जाएगी। आउटलुक इंडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, जीतने वाली टीम को 3 मिलियन डॉलर यानी करीब 27.48 करोड़ रुपये मिलेंगे। वहीं, जो टीम हारकर दूसरे नंबर पर रहेगी (रनर-अप), उसे भी खाली हाथ नहीं भेजा जाएगा; उनके हिस्से में 1.6 मिलियन डॉलर यानी लगभग 14.65 करोड़ रुपये आएंगे।

सेमीफाइनल और सुपर-8 में पहुंचने वाली टीमों को कितना मिलेगा?

आईसीसी की खास बात यह है कि उन्होंने इनामी राशि का ढांचा इस तरह बनाया है कि हर टीम को उनकी मेहनत का फल मिले। जो टीमें सेमीफाइनल तक पहुंचीं लेकिन फाइनल का टिकट नहीं कटा पाईं, उन्हें 7,90,000 डॉलर (करीब 7.24 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे। जिन टीमों ने सुपर-8 स्टेज तक का सफर तय किया, उन्हें 3,80,000 डॉलर (लगभग 3.48 करोड़ रुपये) मिलेंगे। वहीं जो टीमें सुपर-8 में जगह नहीं बना पाईं और ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गईं, उन्हें भी 2,50,000 डॉलर (करीब 2.29 करोड़ रुपये) का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा।

2024 के मुकाबले ज्यादा इनाम

2026 के टी20 वर्ल्ड कप में इनामी राशि पिछले संस्करण से ज्यादा है। 2024 में कुल प्राइज पूल 11.25 मिलियन डॉलर था, जबकि 2026 में यह बढ़कर 13.5 मिलियन डॉलर हो गया है। यानी कुल इनामी राशि में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। 2024 में भारत ने ट्रॉफी जीतकर 2.45 मिलियन डॉलर की इनामी राशि हासिल की थी, जबकि रनर-अप दक्षिण अफ्रीका को 1.28 मिलियन डॉलर मिले थे। यह बढ़ोत्तरी दिखाती है कि टी20 क्रिकेट की लोकप्रियता और इसकी कमर्शियल वैल्यू कितनी तेजी से बढ़ रही है।

ट्रॉफी के साथ बड़ी कमाई का मौका

टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल हमेशा सिर्फ खेल का मुकाबला नहीं होता, बल्कि यह प्रतिष्ठा और इनामी रकम दोनों का संगम होता है। इस बार भी भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला खिताबी मुकाबला करोड़ों फैंस की नजरों में है। जो भी टीम ट्रॉफी उठाएगी, उसके खाते में न सिर्फ एक और बड़ा क्रिकेटिंग रिकॉर्ड जुड़ जाएगा बल्कि करोड़ों रुपये की इनामी राशि भी आएगी।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सT20 Winners Prize Money: ट्रॉफी के साथ मिलेगा मोटा चेक! जानिए टी20 फाइनल जीतने वाली टीम को कितना मिलेगा प्राइज मनी?
More