
T20 World Cup: भारत–बांग्लादेश क्रिकेट रिश्तों में एक बड़ा मोड़ आ गया है। सुरक्षा चिंताओं और सरकार की सलाह का हवाला देते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप को लेकर ऐसा फैसला लिया है, जिसने क्रिकेट के साथ-साथ कूटनीति और राजनीति की बहस भी तेज कर दी है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने रविवार को साफ किया कि बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भारत की यात्रा नहीं करेगी। बोर्ड के मुताबिक, मौजूदा हालात में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं, इसलिए यह फैसला लिया गया।
यह फैसला उस घटनाक्रम के बाद आया, जब आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को ‘रिलीज’ कर दिया। यह कदम बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) के निर्देश पर उठाया गया। हालांकि बीसीसीआई ने दोनों देशों के रिश्तों का सीधे जिक्र नहीं किया, लेकिन कहा कि फैसला मौजूदा घटनाओं से जुड़ा है।
मुस्तफिजुर के आईपीएल से बाहर होने के बाद बीसीबी ने शनिवार रात आपात बैठक बुलाई। इसके बाद निदेशक मंडल की दोबारा बैठक में तय हुआ कि 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम भारत नहीं जाएगी।
बीसीबी ने एक बयान में कहा, ‘‘बोर्ड ने पिछले 24 घंटों के घटनाक्रमों को ध्यान में रखते हुए स्थिति की विस्तृत समीक्षा की और भारत में खेले जाने वाले मैचों में बांग्लादेश राष्ट्रीय टीम की भागीदारी से संबंधित मौजूदा परिस्थितियों पर गहरी चिंता व्यक्त की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ भारत में बांग्लादेश की टीम की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं और मौजूदा स्थिति के आकलन के साथ बांग्लादेश सरकार की सलाह पर विचार करते हुए निदेशक मंडल ने फैसला किया है कि बांग्लादेश राष्ट्रीय टीम वर्तमान परिस्थितियों में टूर्नामेंट के लिए भारत की यात्रा नहीं करेगी।’’
बांग्लादेश को लीग चरण के चारों मैच भारत में खेलने हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के सामने बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। पाकिस्तान के साथ हुए समझौते की तरह बांग्लादेश भी चाहता है कि उसके सभी मैच सह-मेजबान श्रीलंका में कराए जाएं।
बीसीबी के बयान से पहले ही सरकार के सलाहकार आसिफ नजरुल ने सोशल मीडिया पर घोषणा कर दी थी कि टीम भारत नहीं जाएगी। उन्होंने बोर्ड को निर्देश दिया कि वह आईसीसी से औपचारिक रूप से मैच श्रीलंका शिफ्ट करने का अनुरोध करे। नजरुल ने यहां तक कहा कि भारत में आईपीएल का प्रसारण बांग्लादेश में निलंबित करने पर भी विचार होना चाहिए।
शाहरुख खान की सह-स्वामित्व वाली केकेआर ने मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदने के बाद रिलीज किया। इस फैसले ने बांग्लादेश में नाराजगी और बढ़ा दी।
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने और भारत आने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ा। इसके साथ ही घरेलू हालात और सांप्रदायिक हिंसा की खबरों ने स्थिति और संवेदनशील बना दी।
बांग्लादेश की एक अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। उन पर आंदोलन के दौरान हुई घातक कार्रवाई में कथित भूमिका निभाने का आरोप था, जिसमें कई छात्र मारे गए थे। बांग्लादेश में पिछले दिनों हिन्दुओं के खिलाफ हिंसा की बढ़ते मामले से स्थिति और बिगड़ गई है।
बीसीबी के गलियारों में इस बात को लेकर थोड़ी हैरानी है कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद हालात इस तरह बदल गए।
बीसीबी के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘सकारात्मक माहौल को देखते हुए बीसीबी ने भारत के बांग्लादेश दौरे का कार्यक्रम घोषित किया था, लेकिन अब हमें भारतीय बोर्ड से आधिकारिक पुष्टि चाहिए कि मुस्तफिजुर का अनुबंध क्यों रद्द किया गया।’’
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.