
Fine Dining Etiquette: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो ने हलचल मचा दी है। ये वीडियो किसी सेलिब्रिटी का नहीं बल्कि YourStory की फाउंडर और सीईओ श्रद्धा शर्मा का है, जिन्होंने दिल्ली के ताज महल होटल के एक फाइन डाइनिंग रेस्तरां में अपने साथ हुए बर्ताव पर सवाल उठाए हैं। मामला सिर्फ एक बैठने की स्टाइल का था, लेकिन अब इस पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई है।
श्रद्धा शर्मा अपनी बहन के साथ दिल्ली के ताज महल होटल के हाउस ऑफ मिंग रेस्टोरेंट में दिवाली डिनर के लिए पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि वे आराम से खाना खा रही थीं, तभी रेस्तरां के मैनेजर ने आकर उनसे कहा कि किसी गेस्ट ने शिकायत की है कि वे पद्मासन मुद्रा या कहें पालथी मारकर बैठी हैं। मैनेजर ने कहा कि ये एक फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट है और यहां एक डेकोरम यानी शालीनता बनाए रखनी चाहिए।
श्रद्धा ने बताया कि उन्होंने चप्पलें जमीन पर रखी थीं और खुद कुर्सी पर सामान्य पद्मासन मुद्रा में बैठी थीं। इतना ही नहीं, मैनेजर ने उनके पहनावे पर भी टिप्पणी की जबकि वे सिर्फ सलवार-कमीज और कोल्हापुरी चप्पल पहने थीं।
श्रद्धा ने इस पूरे वाकये का वीडियो X पर शेयर करते हुए लिखा, "एक आम इंसान, जो मेहनत करके, अपना पैसा कमा कर, अपनी इज्जत के साथ ताज होटल में आता है, उसे आज भी इस देश में जलील और अपमानित होना पड़ता है। और मेरी गलती क्या है? सिर्फ ये कि मैं बैठ गई एक “regular padmasana style” में? क्या ये मेरी गलती है कि ताज मुझे सिखा रहा है कि कैसे बैठना चाहिए, क्या करना चाहिए?"
श्रद्धा का वीडियो वायरल होने के बाद 2 लाख से ज्यादा लोगों ने इसे देखा और इस पर अपनी राय दी। कुछ लोगों ने कहा कि होटल बिल्कुल सही था, क्योंकि फाइन डाइनिंग रेस्तरां में एक शालीन माहौल और ड्रेस कोड का पालन जरूरी होता है। एक यूजर ने लिखा, “अगर आप अपने हिसाब से बैठना या खाना चाहते हैं, तो किसी कैजुअल जगह पर जाइए, फाइन डाइनिंग की अपनी मर्यादा होती है।”
वहीं दूसरी ओर, कई लोगों ने ताज होटल पर सवाल उठाए और कहा कि भारतीय मुद्रा या पहनावे को “गलत” मानना औपनिवेशिक सोच (colonial mindset) की निशानी है। एक यूजर ने लिखा, “समस्या पद्मासन नहीं है, समस्या वह मानसिकता है जो गरिमा को पश्चिमी तरीकों से मापती है। हमें अपनी संस्कृति पर गर्व होना चाहिए।”
कई यूजर्स ने ताज महल होटल को टैग करते हुए जवाबदेही मांगी। एक यूजर ने लिखा, “यह सिर्फ एक गलती नहीं बल्कि होटल स्टाफ की असंवेदनशीलता दिखाती है। उम्मीद है होटल इस पर एक्शन लेगा।” हालांकि, अब तक ताज होटल की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.