
Radhika Yadav Murder Case: टेनिस प्लेयर राधिका यादव के मर्डर के आरोपी दीपक यादव को गुरुग्राम की एक अदालत ने शनिवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 51 वर्षीय दीपक पर अपनी 25 वर्षीय बेटी राधिका की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे, जब राधिका अपने तीन मंजिला घर के किचन में नाश्ता बना रही थीं, उस वक्त दीपक ने राधिका पर पांच गोलियां चलाई, जिनमें से चार गोलियों ने राधिका के शरीर को छलनी कर दिया। ये घटना सुषांत लोक-2 के ब्लॉक-G की बताई जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की योजना बनाने की बात कबूल की। उन्होंने आगे कहा कि आमतौर पर वो सुबह दूध लेने जाते थे, लेकिन गुरुवार को उन्होंने अपने बेटे को भेजा ताकि वह राधिका के साथ अकेले रह सकें। फिर मौका पाते ही उन्होंने गोली चला दी। बताया जा रहा है कि पहले भी आरोपी बेटी की जीवनशैली से असंतुष्ट था, लेकिन हत्या का सही कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा।
राधिका यादव एक उभरती हुई भारतीय टेनिस खिलाड़ी और कोच थीं, जिन्होंने AITA और ITF रैंकिंग में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। उन्होंने गुरुग्राम में अपनी खुद की टेनिस अकादमी शुरू की थी और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थीं, जिससे उनके परिवार में तनाव बताया गया। अनुशासन और समर्पण के लिए पहचानी जाने वाली राधिका ने भारतीय महिला टेनिस को नई दिशा देने की ओर कदम बढ़ाए थे, लेकिन गुरुवार को उनके पिता द्वारा कथित रूप से हत्या कर दिए जाने के बाद उनका जीवन दर्दनाक रूप से खत्म हो गया।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.