Most Booked travel destination: नए साल के मौके पर अक्सर लोग पार्टी मूड में होते हैं। ऐसे में फैमिली या फ्रेंड्स के साथ लोग ट्रिप्स प्लान करते हैं। लंबी छुट्टियों, साल के आखिरी जश्न और नए साल की शुरुआत को यादगार बनाने के लिए भारतीय यात्री अब विदेशों का रुख ज्यादा करने लगे हैं। इसी बीच एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि इस बार भारतीयों की इंटरनेशनल ट्रैवल लिस्ट में थाईलैंड सबसे ऊपर रहा है।
थाईलैंड बना नंबर वन डेस्टिनेशन
MakeMyTrip की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 के आखिर और 2026 की शुरुआत के लिए सबसे ज्यादा बुकिंग थाईलैंड की हुई है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर थाईलैंड रहा, जिसने इस बार UAE को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। भारतीय यात्रियों के बीच यह सबसे ज्यादा बुक किया गया इंटरनेशनल डेस्टिनेशन रहा। आसान वीजा और किफायती पैकेज इसकी बड़ी वजह मानी जा रही है। रिपोर्ट में 20 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 के बीच की गई बुकिंग्स को शामिल किया गया है।
टॉप 5 देशों की लिस्ट में कौन-कौन
रिपोर्ट के मुताबिक, थाईलैंड के बाद यूएई दूसरे नंबर पर रहा, जबकि श्रीलंका तीसरे स्थान पर रहा। वहीं वियतनाम ने इस बार बड़ी छलांग लगाई और सातवें पायदान से सीधे चौथे नंबर पर पहुंच गया। टॉप-5 की लिस्ट में मलेशिया भी शामिल है, जहां भारतीय यात्रियों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है।
इसके अलावा इंडोनेशिया, सिंगापुर, ब्रिटेन, अमेरिका और हांगकांग भी टॉप 10 अंतरराष्ट्रीय डेस्टिनेशंस में शामिल रहे।
अब सिर्फ घूमना नहीं, अनुभव भी चाहिए
MakeMyTrip के को-फाउंडर और ग्रुप सीईओ राजेश मगोव ने कहा कि अब यात्री सिर्फ घूमने नहीं जा रहे, बल्कि बेहतर अनुभव चाहते हैं। लोग अपनी छुट्टियों में आराम के साथ-साथ नई जगहों को एक्सप्लोर करना चाहते हैं। यही वजह है कि छोटे लेकिन इंटरनेशनल ट्रिप्स की मांग तेजी से बढ़ रही है।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि अब लोग ट्रिप प्लान करते समय होटल की क्वालिटी, लोकेशन और अनुभव पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। कई यात्री छोटी छुट्टियों में इंटरनेशनल ट्रिप को तरजीह दे रहे हैं, जो पहले कम देखने को मिलता था।