TikTok Ban: बीते दिनों चर्चा शुरू हुई कि भारत में बैन किए गए TikTok की वेबसाइट दोबारा एक्सेस की जा सकती है। कई यूजर्स ने दावा किया था कि वे इसका होमपेज देख पा रहे हैं। इसके बाद यह सवाल उठने लगे कि क्या सरकार ने टिकटॉक पर से बैन हटा लिया है। अब मंत्रालय ने इन सभी सवालों पर अपनी सफाई दी है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सूत्रों ने कहा, “भारत सरकार ने टिकटॉक को अनब्लॉक करने का कोई आदेश नहीं दिया है। इस तरह की खबरें झूठी और भ्रामक हैं।” सच यह है कि टिकटॉक ऐप अभी भी गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं है।
जून 2020 में केंद्र सरकार ने टिकटॉक समेत 59 चीनी ऐप्स को बैन कर दिया था। वजह बताई गई थी कि ये ऐप्स भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और पब्लिक ऑर्डर के लिए खतरा हैं। उसी दौरान भारत-चीन सीमा विवाद और गलवान घाटी में तनाव भी अपने चरम पर था।
सरकार ने तब बताया था कि इन ऐप्स से यूजर्स का डेटा चीन के सर्वर तक जा रहा है। कई ऐप्स लोकेशन ट्रैक कर रहे थे और संदिग्ध तरीके से फाइल ट्रांसफर कर रहे थे। यहां तक कि कुछ ब्यूटी और कैमरा ऐप्स को अश्लील कंटेंट फैलाने और सिक्योरिटी थ्रेट बताकर चिन्हित किया गया था।
बैन से पहले टिकटॉक के भारत में करीब 200 मिलियन यानी 20 करोड़ यूजर्स थे। इसका असर इतना बड़ा था कि भारत टिकटॉक का सबसे बड़ा मार्केट बन चुका था। बैन के बाद से ही ByteDance और दूसरी चीनी कंपनियों पर भारत में सख्ती जारी है।
सिर्फ भारत ही नहीं, कई देशों ने चीनी हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर पर सवाल उठाए हैं। खासकर 5G नेटवर्किंग इक्विपमेंट में चीनी कंपनियों द्वारा ‘बैकडोर’ बनाने की आशंका सबसे बड़ी चिंता रही है।