उत्तर भारत में इस समय तेज ठंड पड़ रही है। दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान काफी गिर गया है और कुछ क्षेत्रों में शीतलहर जैसी परिस्थिति बन चुकी है। पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में हाल की भारी बर्फबारी के कारण मैदानों तक ठंड का असर पहुंच रहा है। कई जगहों पर पारा शून्य या उससे भी नीचे दर्ज किया गया है।
दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट
चक्रवात दित्वा का असर केवल दक्षिणी राज्यों तक सीमित है। वहां भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, लेकिन उत्तर भारत के मौसम पर इसका कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा है। यह चक्रवात उत्तर तमिलनाडु और पुडुचेरी के तट के पास उत्तरी दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। कराईकल और चेन्नई के मौसम की डापलर रडार से लगातार निगरानी की जा रही है। कांचीपुरम, तिरुवल्लूर, चेन्नई, चेंगलपट्टू और रानीपेट जिलों में बीच-बीच में बारिश हो सकती है।
ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड
कश्मीर के गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग, हिमाचल के लाहौल-स्पीति, किन्नौर, मनाली, शिमला, कुफरी और उत्तराखंड के औली, चोपता व केदारनाथ क्षेत्र में नई बर्फबारी हुई है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान -10°C तक पहुंच चुका है, जिससे कई जगह पानी जमने लगा है। केदारनाथ में पारा -14°C तक दर्ज किया गया, जो सीजन की सबसे कम तापमानों में से एक है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी हिमालय में आने वाले दिनों में फिर बादल और बर्फ गिर सकती है। हिमाचल में 4 और 5 दिसंबर को दोबारा वर्षा और बर्फबारी होने के संकेत हैं। ज्यादा बर्फ जमने के कारण लाहौल-स्पीति और किन्नौर जैसी घाटियों में कुछ सड़कें बंद हो गई हैं और यातायात धीमा पड़ा है।
मध्य भारत भी ठंड की चपेट में
मध्य प्रदेश के जबलपुर, ग्वालियर सहित कई शहरों में शनिवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया। इंदौर, भोपाल और उज्जैन समेत अन्य जिलों में सुबह घना कोहरा देखने को मिला। राजस्थान में हल्की बारिश के बावजूद ठंड बढ़ गई है और शेखावाटी व बीकानेर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 2°C के आसपास पहुंचने की संभावना जताई गई है।