
कल का मौसम, 28 दिसंबर 2025: नए साल की दस्तक से पहले दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड ने अपनी पकड़ बना ली है। रोजाना लढ़कते तापमान और सर्द हवाओं ने लोगों को घर में रहने को मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर ही नहींउत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी ठंड का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ कल कुछ जगहों पर बर्फबारी के भी आसार हैं। आइए जानते हैं कल कैसा रहेगा देशभर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को मौसम ठंडा रहने वाला है। दिन की शुरुआत कोहरे के साथ होगी और शाम को सर्द हवाएं चलेंगे। दिन में कुछ देर सूर्यदेव दर्शन दे सकते हैं, लेकिन शाम तक सारी गर्मी ठंड में बदल जाएगी। कल कोहरे की वजह से लोगों को फॉग लाइट जलाकर चलने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश में इस समय ठंड से ज्यादा कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है। सुबह के समय बदली छाई रहती है और दोपहर से पहले धूप नहीं निकल रही है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में घना कोहरा और शीत दिवस का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें से कई जिलों में रेड अलर्ट की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 35 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।
बिहार इस समय कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। मौसम विभाग ने शीतलहर और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और राज्य को 29 दिसंबर तक ठंड से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर बिहार के मैदानी जिलों में देखा जा रहा है। बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है।
जम्मू कश्मीर में कश्मीर घाटी में एक बार फिर से हिमपात और बारिश के पूर्वानुमान के बीच रात में ठंड और बढ़ गयी है। मौसम विभाग के अनुसार, घाटी में आज से 29 दिसंबर तक आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।उन्होंने कहा कि 30 दिसंबर को आमतौर पर बादल छाए रहेगे और कुछ स्थानों पर हल्का हिमपात या फिर बारिश हो सकती है। इसके बाद 31 दिसंबर से एक जनवरी तक आम तौर पर बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर हल्की बर्फबारी या बारिश हो सकती है।
झारखंड के छह जिलों के लिए शनिवार को शीतलहर की चेतावनी जारी की गई और राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने कल यानी रविवार के लिए गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, लोहरदगा और गुमला के लिए शीतलहर की स्थिति को लेकर ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है। IMD के अनुसार,अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने का अनुमान नहीं है।
पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों तक ठंड का दौर जारी रहेगा और न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार,पहाड़ी शहर दार्जिलिंग शनिवार को राज्य में सबसे ठंडा रहा,जहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं IMD ने बताया कि उत्तर बंगाल के जिलों में अगले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा,जबकि दक्षिण बंगाल के जिलों में अगले चार दिनों तक स्थिति यथावत बनी रहेगी।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.