Kal ka Mausam,9 January 2026 weather: दिल्ली-एनसीआर से लेकर पहाड़ों तक कड़ाके की ठंड और कोहरे का प्रकोप बढ़ गया है। नए साल के आगाज के साथ ही उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे लुढ़क गया है, जबकि सुबह-शाम घना कोहरा छाने लगा है। इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने कल कई राज्यों में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं कल कैसा रहेगा देशभर का मौसम
दिल्ली में गलन वाली ठंड
दिल्ली-एनसीआर में गलन वाली ठंड महसूस होने लगी है। राजधानी में सुबह से ही कोहरा छाया रहता है और दोपहर में 1 बजे के बाद हल्की धूप निकलती है। मौसम विभाग के अनुसार, कल यानी 9 जनवरी को मौसम साफ और ठंडा रहने की संभावना है। दिन के समय हल्की धूप निकलेगी, जिससे कुछ राहत मिलेगी, लेकिन तापमान कम रहने के कारण ठिठुरन बनी रहेगी।
यूपी-बिहार में कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई शहरों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहा रहता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में यूपी के कई शहरों में तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के शहरों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं यूपी से सटे बिहार में ठंड का असर लगातार तेज होता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक राज्य में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। कम तापमान और सर्द तेज हवाओं के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
कश्मीर में गिरेगा तापमान
कश्मीर में कड़ाके की ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है। घाटी के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में आई भारी गिरावट के कारण श्रीनगर सहित कई स्थानों पर इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार घाटी में 10 जनवरी तक रात के तापमान में काफी गिरावट आएगी और 20 जनवरी तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।
राजस्थान में कड़ाके की ठंड का अलर्ट
राजस्थान में शीतलहर एवं कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी हैं। आज सुबह कुछ स्थानों पर घने से अति घना कोहरा छाया रहा वहीं आगामी दो-तीन दिनों में सर्दी के और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो तीन दिन में उत्तरी एवं पश्चिमी भागों में न्यूनतमत तापमान में और एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने एवं तापमान सामान्य से दो-चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज होने तथा शीतलहर चलने के आसार हैं।
पहाड़ों पर भी कोहरे का तांडव जारी
उत्तराखंड में नैनीताल जिले के मैदानी क्षेत्रों में गुरुवार को इस सर्दी का अब तक का सबसे घना कोहरा देखने को मिला। हल्द्वानी, कालाढुंगी, रामनगर, बैलपड़ाव, पिरूमदारा, प्रतापपुर सहित आसपास के इलाकों में सुबह से ही कोहरे की घनी चादर छाई रही। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और नमी की अधिकता के चलते आने वाले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा बने रहने की संभावना है।