
Traffic Challan: सड़कों पर जहां देखो वहां अब स्पीड मापने वाले कैमरे लगे नजर आते हैं। आजकल शहरों में ट्रैफिक नियमों की निगरानी AI और हाई-डेफिनिशन कैमरों से होती है। टेक्नोलॉजी काफी एडवांस हो गई है और इस तकनीक की मदद से ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ चालान कट जाता है। टेक्नोलॉजी की मदद से ट्रैफिक पुलिस का काम आसान हो गया है। लोगों के भीतर नियमों को लेकर जागरूकता भी फैलाई गई है।
रेड लाइट तोड़ना, तेज रफ्तार या हेलमेट न पहनना जैसी छोटी-छोटी गलतियों पर भी आपका वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर लिंक करके ई-चालान बन सकता है। अगर आपको लगता है कि आपने अनजाने में कोई ट्रैफिक नियम तोड़ा है, तो आप आसानी से पता कर सकते हैं कि आपके खिलाफ कोई चालान जारी हुआ है या नहीं।
ई-चालान एक कंप्यूटर जनरेटेड जुर्माना है जो ट्रैफिक नियम उल्लंघन पर जारी होता है। यह या तो AI कैमरों/निगरानी सिस्टम से खुद ही बन जाता है, या फिर पुलिस ऑफिसर अपने हैंडहेल्ड डिवाइस से दर्ज करते हैं। चालान का विवरण केंद्रीय डेटाबेस में सेव होता है और आपके वाहन नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ जाता है।
यूनियन ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री के Parivahan पोर्टल से आप अपने चालान की जानकारी कुछ ही पल में हासिल कर सकते हैं।
1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट echallan.parivahan.gov.in पर विजिट करें।
2. ‘Check Challan Status’ पर क्लिक करें।
3. अब चालान नंबर या वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर दर्ज करें।
4. फिर कैप्चा कोड डालें और ‘Get Detail’ पर क्लिक करें।
5. सभी चालान, चाहे वे पेंडिंग हों या पेमेंट किए गए, आपके वाहन से जुड़े दिखाई देंगे।
पूरे कागज नहीं होने पर कार या बाइक का चालान कट सकता है। इसलिए अपनी गाड़ी के कागज हमेशा अपने साथ रखें। इसके साथ ही ये भी ध्यान रखें, कि ये पूरे हों यानी की गाड़ी चलाने वाले का लाइसेंस, गाड़ी की आरसी, इंश्योरेंस और पीयूसी जैसे सभी डॉक्यूमेंट होना बेहद जरुरी है। अगर गाड़ी का बीमा एक्सपायर हो गया है तो उसे रिन्यू करवाने में देरी न करें।
सीट बेल्ट न लगाकर ड्राइविंग करने से हर दिन हजारों लोगों का चालान कटता है। कार ड्राइव करते समय सीटबेल्ट हमेशा लगाना चाहिए। कार में बैठने वाले अन्य यात्रियों को भी सीट बेल्ट लगाने के लिए जरूर कहें।
बाइक, कार या कोई और गाड़ी भारत में गाड़ी चलते वक्त मोबाइल फोन पर बात करना, मैसेज करना या किसी भी वजह के लिए फोन का यूज करना ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन माना जाता है। ऐसे में ड्राइव करते समय दिक्कत हो सकती है। लिहाजा मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
गाड़ी को पार्क करते समय ध्यान से देख लेना चाहिए कि यह सही जगह पार्क है या नहीं। अगर आपने ऐसी जगह अपनी कार को पार्क कर दिया होगा, जहां पार्किंग मना है तो आपके पास चालान पहुंच सकता है।
ट्रैफिक डिपार्टमेंट अब लेटेस्ट टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल के चलते काफी स्मार्ट हो गया है। इसलिए ओवर स्पीडिंग आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है। खासकर ऐसी जगह जहां रिहायशी इलाका हो या स्कूल/कॉलेज/यूनिवर्सिटी या भीड़भाड़ वाला इलाका हो।