US Trade Probe: ट्रंप सरकार का बड़ा ऐलान, भारत, चीन समेत 16 देशों के खिलाफ अनफेयर ट्रेड की जांच के आदेश

US Unfair-Trade Probes: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लेकर दुनिया भर में हलचल बढ़ा दी है। ट्रंप प्रशासन ने कहा कि वह अधिक उत्पादन और फोर्स लेबर वाले देशों के खिलाफ जांच शुरू करेगा।  

Shivam Shukla
अपडेटेड12 Mar 2026, 08:31 AM IST
भारत, चीन समेत 16 देशों के खिलाफ अनफेयर ट्रेड की जांच करेगा अमेरिका
भारत, चीन समेत 16 देशों के खिलाफ अनफेयर ट्रेड की जांच करेगा अमेरिका

US Opens New Unfair-Trade Probes: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर हलचल तेज कर दी है। बुधवार को व्हाइट हाउस की ओर से लिए गए एक बड़े फैसले ने भारत सहित दुनिया की 16 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल, ट्रंप प्रशासन ने दो नई बड़ी व्यापारिक जांच शुरू करने का ऐलान किया है। इनमें से एक जांच कई देशों में जरूरत से ज्यादा प्रोडक्शन को लेकर है। वहीं, दूसरी बंधुआ मजदूरी जैसे गंभीर मानवीय मुद्दे पर आधारित है। पिछले महीने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की तरफ से ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी को झटका लगने के बाद इसे एक रिएक्टिव स्ट्रैटेजी के रूप में देखा जा रहा है। इसका सीधा मतलब है कि आने वाले दिनों में विदेशी सामानों पर टैक्स बढ़ सकता है, जिससे ग्लोबल मार्केट्स से लेकर आम आदमी की रसोई तक प्रभावित हो सकती है।

आखिर ट्रंप प्रशासन ने क्यों उठाया ये कदम?

दरअसल, पिछले महीने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी को अवैध घोषित कर दिया था। यह ट्रंप प्रशासन के लिए एक बड़ी कूटनीतिक और आर्थिक हार थी। हालांकि, उन्होंने व्यापारिक साझेदारों पर दबाव बनाने के लिए सेक्शन 301 का इस्तेमाल किया। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जैमिसन ग्रीर ने कहा कि यह जांच केवल कागजी कार्रवाई नहीं है। इसका मकसद उन कमियों को ढूंढना है, जिनके माध्यम से दूसरे देश अमेरिकी बाजार में अनुचित लाभ उठा रहे हैं। अगर इन जांचों में गड़बड़ी पाई गई, तो भारत, चीन, यूरोपीय संघ और जापान जैसे देशों से आने वाले सामान पर भारी टैरिफ लगाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें | Stock Market Outlook: सेंसेक्स-निफ्टी में होगी गैप-डाउन ओपनिंग?

भारत सहित इन देशों की होगी जांच!

अमेरिका ने अपनी जांच का दायरा काफी बड़ा रखा है। जरूरत से ज्यादा उत्पादन करने वाले देशों की जांच करने की लिस्ट में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान और मैक्सिको जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं। इसके अलावा वियतनाम, थाईलैंड, मलेशिया, बांग्लादेश और नॉर्वे जैसे देशों को भी इस जांच के दायरे में रखा गया है। लेकिन खास बात यह है कि अमेरिका का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार होने के बावजूद कनाडा को इस लिस्ट से बाहर रखा गया है।

यह भी पढ़ें | पश्चिम एशिया में बढ़ती टेंशन के बीच MHA ने सक्रिय किए कंट्रोल रूम

निशाने पर ये सेक्टर्स

बता दें कि अमेरिका के इस जांच का सबसे ज्यादा असर ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी सेक्टर पर पड़ने की आशंका है। USTR नोटिस में विशेष रूप से चीन और जापान के ऑटो सेक्टर का जिक्र किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की दिग्गज इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) कंपनी BYD पूरी दुनिया में अपना जाल फैला रही है, जबकि चीन में कारों का उत्पादन वहां की मांग से कहीं ज्यादा है। यूरोप के कार कारखाने अपनी क्षमता का केवल 55% ही इस्तेमाल कर पा रहे हैं। इसके अलावा, सिंगापुर जैसे देशों में सेमीकंडक्टर्स का भारी प्रोडक्शन भी अमेरिका की चिंता बढ़ा रहा है।

यह भी पढ़ें | क्या LPG सिलेंडर दाम फिर बढ़ेंगे? गैस किल्लत पर एक्सपर्ट्स की चेतावनी

60 देशों पर होगी फोर्स लेबर की जांच

ट्रंप प्रशासन अधिक उत्पादन के अलावा फोर्स लेबर पर भी जांच शुरू करने की तैयारी में है। यह जांच लगभग 60 देशों पर की जाने वाली है। इससे पहले जो बाइडन प्रशासन ने चीन के शिनजियांग इलाके से आने वाले प्रोडक्ट्स पर प्रतिबंध लगाया था। इसके पीछे की वजह वहां उइगर मुसलमानों से जबरन काम कराने के आरोप लगे थे। अब ट्रंप प्रशासन इसी कानून को और सख्त बनाते हुए इसे ग्लोबल लेवल पर लागू करना चाहता है।

जुलाई तक का अल्टीमेटम

जैमिसन ग्रीर ने इन जांचों के लिए बहुत कम समय तय किया है। 15 अप्रैल तक सार्वजनिक सुझाव लिए जाएंगे और मई की शुरुआत में सुनवाई होगी। ट्रंप प्रशासन का लक्ष्य है कि जुलाई में मौजूदा अस्थायी टैरिफ खत्म होने से पहले इन नई जांचों के आधार पर पक्के टैरिफ लागू कर दिए जाएं। फिलहाल, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ट्रंप ने 150 दिनों के लिए 10% का इमरजेंसी टैरिफ लगा रखा है, लेकिन वे इसे स्थायी और अधिक प्रभावशाली बनाना चाहते हैं।

चीन के साथ पेरिस में अमेरिका की बड़ी बैठक

गौरतलब है कि ट्रंप प्रशासन का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेन्ट पेरिस में चीनी अधिकारियों से मुलाकात करने वाले हैं। इस बैठक को मार्च के अंत में ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच होने वाली संभावित मुलाकात की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सUS Trade Probe: ट्रंप सरकार का बड़ा ऐलान, भारत, चीन समेत 16 देशों के खिलाफ अनफेयर ट्रेड की जांच के आदेश
More