US-Russia tension: मेदवेदेव ने ऐसा क्या कह दिया कि भड़क उठे ट्रंप, बोले- जुबान संभालकर…

US-Russia tension: डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर 25% टैरिफ और रूस को युद्ध रोकने का अल्टीमेटम देने के बाद अंतरराष्ट्रीय रिश्तों में तल्खी बढ़ गई है। मेदवेदेव की चेतावनी के जवाब में ट्रंप ने रूस को खतरनाक रास्ता अपनाने वाला बताया और भारत के टैरिफ को भी आड़े हाथ लिया।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड31 Jul 2025, 04:33 PM IST
रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के बयान के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है।
रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के बयान के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है।(AP/Reuters)

Trump tariff: डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ पॉलिसी ने अमेरिका, भारत और रूस के बीच रिश्तों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में भारत और रूस दोनों पर कड़ा हमला बोला है। एक तरफ उन्होंने भारत पर 25% टैरिफ लगाकर कहा कि 'भारत के टैरिफ दुनिया में सबसे ज्यादा हैं', वहीं दूसरी तरफ रूस को 10–12 दिन का अल्टीमेटम दे डाला कि अगर वो यूक्रेन में युद्ध नहीं रोकते, तो और भी कड़े प्रतिबंध झेलने पड़ सकते हैं।

यह बयान ऐसे समय आया है जब कुछ दिन पहले रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने ट्रंप को 'अल्टीमेटम गेम' की आलोचना कि थी और कहा था कि इससे युद्ध हो सकता है। मेदवेदेव के इस बयान पर डोनाल्ड ट्रंप भड़क उठे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'ट्रुथ' पर रूस के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने अपने पोस्ट में भारत को भी लपेटे में ले लिया है। जानते हैं कि आखिर मेदवेदेव ने ऐसा क्या कहा और ट्रंप इतना क्यों बौखलाए हुए हैं।

ट्रंप ने भारत-रूस पर साधा निशाना

ट्रंप ने ट्रुथ पर पोस्ट किया कि “मुझे फर्क नहीं पड़ता कि भारत रूस के साथ क्या करता है। अगर चाहें तो दोनों अपनी मरी हुई इकॉनॉमी को साथ लेकर डूब जाएं, मुझे कोई परवाह नहीं। हमने भारत के साथ वैसे भी बहुत कम कारोबार किया है, उनके टैरिफ दुनिया में सबसे ऊंचे हैं।"

आगे रूस से व्यापार की बात करते हुए ट्रंप ने लिखा, "रूस और अमेरिका के बीच वैसे भी कोई खास कारोबार नहीं होता, और आगे भी ऐसा ही रहना चाहिए। मेदवेदेव को, जो खुद को अब भी राष्ट्रपति समझते हैं, को कोई समझा दे कि वे जरा अपनी जुबान संभालें। वो बहुत खतरनाक जमीन पर कदम रख रहे हैं।”

मेदवेदेव ने क्या कहा था?

गौरतलब है कि ट्रंप का यह बयान मेदवेदेव की चेतावनी के बाद आया है। दरअसल, रूस के पूर्व राष्ट्रपति और अभी के सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने दो दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अमेरिका और ट्रंप को चेतावनी दी थी कि वो 'अल्टीमेटम गेम' बंद करें।

उनका ये बयान तब आया जब ट्रंप ने रूस को धमकी दी थी कि अगर वो 10–12 दिन के अंदर यूक्रेन युद्ध नहीं रोकते और सीजफायर समझौते पर दस्तखत नहीं करते, तो और सख्त आर्थिक पाबंदियां लगेंगी।

मेदवेदेव ने ट्रंप को दो टूक बात कही थी, “रूस ना तो इजराइल है और ना ही ईरान। हर नया अल्टीमेटम एक और बड़ा खतरा है और ये खतरा सिर्फ रूस-यूक्रेन के बीच नहीं, बल्कि खुद अमेरिका के लिए होगा।” आखिर में मेदवेदेव ने तंज कसते हुए कहा, “Sleepy Joe (बाइडेन) वाली राह पर मत चलो ट्रंप!”

ट्रंप का पुतिन को सख्त अल्टीमेटम

डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को यूक्रेन युद्ध पर नया अल्टीमेटम दे दिया है। पहले उन्होंने रूस को 50 दिनों का वक्त दिया था, लेकिन अब यह डेडलाइन घटाकर सिर्फ 10 से 12 दिन कर दी गई है। ट्रंप ने स्कॉटलैंड दौरे के दौरान मीडिया से कहा, "मैं पुतिन से बहुत निराश हूं। इसलिए मैंने जो 50 दिन दिए थे, अब उसे कम कर रहा हूं। अब नई डेडलाइन करीब 10 से 12 दिन की होगी।"

ट्रंप की इस सख्ती के बाद रूस की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है। क्रेमलिन ने कहा है कि उसने ट्रंप की चेतावनी को गंभीरता से लिया है और यह बात अमेरिका-रूस के रिश्तों पर असर डालेगी। इस पूरी बयानबाजी से साफ है कि यूक्रेन युद्ध पर अमेरिका और रूस के बीच तनातनी और गहराती जा रही है।

क्या अब और भी गहरा होगा विवाद?

यह देखना होगा कि ट्रंप और मेदवेदेव की ये जुबानी जंग कब तक चलती है और क्या ये किसी नई जंग का संकेत तो नहीं। यदि रूस समय सीमा से पीछे हटता है, तो वे अमेरिकी प्रतिबंधों की ताकत बढ़ा सकते हैं। वहीं भारत और रूस की नीतियों के चलते वैश्विक व्यापार में कथित बदलाव का असर पड़ सकता है।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सUS-Russia tension: मेदवेदेव ने ऐसा क्या कह दिया कि भड़क उठे ट्रंप, बोले- जुबान संभालकर…
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सUS-Russia tension: मेदवेदेव ने ऐसा क्या कह दिया कि भड़क उठे ट्रंप, बोले- जुबान संभालकर…