Trump Tariff Threat: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने एक बार फिर अपने आक्रामक फैसलों की वजह से सुर्खियों में बने हुए हैं। इस बार उनके निशान पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रो उनके प्रस्तावित बोर्ड ऑफ पीस में शामिल नहीं होते हैं, तो वह फ्रांसीसी वाइन और शैंपेन पर 200% की भारी टैरिफ लगा देंगे। ट्रंप ने यह बयान मीडिया से बात करते हुए दिया।
ट्रंप ने मैक्रों को लेकर कही ये बात
दरअसल, मीडिया के लोगों ने ट्रंप से पूछा कि बोर्ड ऑफ पीस में मैक्रों के ना के बराबर शामिल होने की संभावाएं हैं। इस पर उन्होंने कहा, 'क्या उन्होंने ऐसा कहा? खैर, वैसे भी उन्हें कोई नहीं चाहता क्योंकि वह जल्द ही अपने पद से हटने वाले हैं। मैं उनकी वाइन और शैंपेन पर 200% टैरिफ लगाऊंगा, फिर वह खुद शामिल हो जाएंगे। हालांकि, उनके लिए शामिल होना अनिवार्य नहीं है।'
ट्रंप के पीस कमेटी की $1 बिलियन एंट्री फीस
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप का यह बोर्ड ऑफ पीस कोई साधारण कमेटी नहीं है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस बोर्ड का हिस्सा बनने के लिए देशों को एक भारी-भरकम कीमत चुकानी होगी। जो भी देश इस कमेटी में स्थायी सदस्यता चाहता है, उसे $1 बिलियन यानी लगभग 8300 करोड़ रुपये से ज्यादा की एंट्री फीस देनी होगी।
ट्रंप ही रहेंगे बोर्ड के अध्यक्ष
इस बोर्ड के चार्टर के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप खुद इसके अध्यक्ष होंगे। उनके पास यह निर्धारित करने का पूरी छूट होगी कि किस देश को सदस्य बनाना है और किसे नहीं। आलोचकों का मानना है कि ट्रंप इस बोर्ड के माध्यम से संयुक्त राष्ट्र (UN) के बराबर का एक नया ग्लोबल सिस्टम खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं, जो सीधे उनके कंट्रोल में हो।
पुतिन को भी भेजा शामिल होने का न्योता
गौरतलब है कि एक तरफ जहां ट्रंप फ्रांस को धमकी दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इस पीस बोर्ड में शामिल होने पर जोर दे रहे हैं। ट्रंप ने खुद साफ किया है कि पुतिन को निमंत्रण भेजा जा चुका है। क्रेमलिन ने भी इस बात को स्वीकार करते हुए कहा है कि वे इस प्रस्ताव की बारीकियों का अध्ययन कर रहे हैं और जल्द ही अमेरिका से इस पर चर्चा करेंगे। दूसरी तरफ फ्रांस के राष्ट्रपति इस योजना से दूरी बनाते हुए दिख रहे हैं।