Trump Xi Meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी-जिनपिंग की बैठक आज दक्षिण कोरिया के बुसान में हुई। इस बैठक के बाद चीन पर फेंटेनिल से जुड़े टैरिफ में 10 फीसदी कटौती पर सहमति जताई गई है। ट्रंप ने बताया कि चीन पर लगे कुल टैरिफ 57 प्रतिशत से घटाकर 47 फीसदी कर दिया गया है। इसके बदले में बीजिंग ने अमेरिकी सोयाबीन की खरीद फिर शुरू करने पर हामी भरी है। इसके अलावा, रेयर अर्थ एक्सपोर्ट का मसला सुलझ गया है और फेंटेनिल की अवैध तस्करी पर सख्ती बरतने का वादा किया है।
6 साल बाद ट्रंप-जिनपिंग की मुलाकात
अमेरिकी राष्ट्रपति ने मीटिंग से पहले टैरिफ में भारी बढ़ोतरी करने की धमकी दी थी। हालांकि बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उन्हें ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ी। इससे पहले, दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच 6 साल पहले मुलाकात हुई थी। दोनों नेता 29 जून 2019 को जापान के ओसाका में G20 शिखर सम्मेलन के दौरान मिले थे।
1 घंटे 40 मिनट तक हुई बैठक
दोनों नेताओं के बीच यह बैठक 1 घंटे 40 मिनट तक हुई। बैठक से पहले अंदाजा लगाया जा रहा था कि इसमें टैरिफ, कंप्यूटर चिप्स, रेयर अर्थ मिनिरल और तनाव से जुड़े अन्य मुद्दों पर बातचीत होगी। ट्रंप ने लगातार कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि शी चिनफिंग के साथ कोई डील हो जाएगी।
चीन के साथ रिश्ते अच्छे: ट्रंप
ट्रंप ने कहा, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि वो रेट कम कर दूंगा क्योंकि मुझे लगता है कि वो लोग फेंटेनिल वाली समस्या में हमारी मदद करेंगे। उन्होंने आगे कहा, “चीन के साथ रिश्ते बहुत अच्छे हैं। मुझे यकीन है कि वो (शी जिनपिंग) आने वाली दिक्कतों को रोकने के लिए बहुत मेहनत करेंगे।'
इस साल चीन पर ट्रंप ने लगाया 30% नया टैरिफ
बता दें कि इस साल चीन पर अमेरिका ने कुल 30% नया टैरिफ लगाया, जिनमें से 20% फेंटेनिल बनाने में चीन की भूमिका की वजह से थे। लेकिन टैरिफ की दरें बहुत ऊपर-नीचे होती रहीं। अप्रैल में ट्रंप ने चीनी सामान पर 145% तक बढ़ाने का ऐलान किया, लेकिन लागू नहीं किया। इसके बाद 10 अक्टूबर को चीन की रेयर अर्थ पाबंदी की वजह से 100% इंपोर्ट टैक्स की धमकी दी।
व्हाइट हाउस ने दी ये जानकारी
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप दक्षिण कोरिया से अब वाशिंगटन के लिए उड़ान भर चुके हैं। उड़ान भरने से कुछ देर पहले एक सोशल मीडिया पोस्ट में व्हाइट हाउस ने कहा, ‘प्रेसिडेंट एयर फ़ोर्स वन में सवार होकर एशिया की एक यादगार यात्रा के बाद घर वापसी की लंबी यात्रा की तैयारी कर रहे हैं। इस हफ़्ते, राष्ट्रपति ने अरबों डॉलर का नया निवेश हासिल किया, एक युद्ध समाप्त किया, कई व्यापार और खनिज सौदों पर हस्ताक्षर किए, राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की और भी बहुत कुछ किया। वह अमेरिका के लिए काम करना कभी नहीं छोड़ते।’