भारत और मलेशिया के बीच अंडर 19 एशिया कप 2025 का 10वां ग्रुप मैच दुबई के द सेवंस स्टेडियम में खेला जा रहा है। मलेशिया ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत ने पहले खेलते हुए 7 विकेट खोकर 408 रन बनाए। अभिज्ञान कुंडू ने 209 रनों की नाबाद पारी खेली। भारतीय टीम के लिए अभिज्ञान कुंडू ने इस पारी में दोहरा शतक लगाकर इतिहास रचा। इस प्रतियोगिता में टूर्नामेंट में दूसरी बार 400 से अधिक का स्कोर बनाया है। अभिज्ञान के अलावा वेदांत त्रिवेदी ने 90 और वैभव सूर्यवंशी ने 50 रन की पारी खेली। मलेशिया के लिए मुहम्मद अकरम ने 10 ओवर में 89 रन देकर पांच विकेट लिए।
वेदांत-कुंडू की रिकॉर्ड साझेदारी
भारत को शुरुआती 5 ओवर में दो विकेट गंवाने पड़े, लेकिन इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और वेदांत त्रिवेदी ने पारी को संभालते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला। वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 25 गेंदों में 50 रन बनाकर मैच का रुख बदल दिया। उनके आउट होने के बाद अभिज्ञान कुंडू क्रीज पर आए और वेदांत त्रिवेदी के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 209 रनों की शानदार साझेदारी की। वेदांत त्रिवेदी 90 रन बनाकर आउट हुए और शतक से चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने सभी को प्रभावित किया। उनके आउट होने के समय भारत का स्कोर 296 रन था।
सेमीफाइनल से पहले आत्मविश्वास बढ़ाने वाला मुकाबला
यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल से पहले आखिरी ग्रुप मैच है। भारत पहले ही पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना चुका है, जबकि मलेशिया टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है। भले ही इस मैच से अंक तालिका पर असर न पड़े, लेकिन टीम संयोजन और बल्लेबाजों की फॉर्म परखने के लिहाज से यह मैच भारत के लिए बेहद अहम साबित हो रहा है।