
नई दिल्ली: भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार के उच्चायुक्त कार्यालय (OHCHR) की उस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी जिसमें ओएचसीएचआर ने सीजेपी प्रोटेस्ट में पुलिस कार्रवाई पर चिंता व्यक्त की। भारत ने इसे आंतरिक मामले में अस्वीकार्य दखलंदाजी और संस्था का डबल स्टैंडर्ड करार दिया।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने दोटूक शब्दों में कहा कि मानवाधिकार संगठन का व्यवहार समान नहीं होता है और वह चुनिंदा मामलों में बोलता है जबकि बड़ी-बड़े घटनाओं पर चुप्पी ठान लेता है। भारत को ओएचसीएचआर की जिस टिप्पणी पर यह कड़ी प्रतिक्रिया देनी पड़ी, वह संस्था के एक प्रवक्ता थमीन अल-खीतान की ओर से आई थी। आइए जानते हैं कि थमीन अल खीतान कौन हैं और उन्होंने 10 अक्तूबर को दिल्ली में हुए सीजेपी प्रोटेस्ट पर क्या कहा था।
थमीन अल खीतान जोर्डन के नागरिक हैं। खीतान ने अपने लिंक्डइन प्रोफाइल में बताया है कि उन्होंने अप्रैल 2008 में पत्रकारिता का कैरियर शुरू किया और सितंबर 2023 तक अलग-अलग संस्थानों में बतौर पत्रकार काम किया। वो 2008 से 2013 तक फ्रीलांस ट्रांसलेटर भी रहे। वो अरबिक, इंग्लिश और फ्रेंच भाषा जानते हैं और तीनों भाषाओं में पत्रकारिता की है। खीतान को अक्तूबर 2023 में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार संगठन में प्रवक्ता का पद मिला।
यूएन ह्यूमन राइट्स के कुल छह प्रवक्ता हैं। इनमें रवीना शमदासनी मुख्य प्रवक्ता, शबीना मंटू उप-मुख्य प्रवक्ता जबकि चार प्रवक्ता हैं। जेरेमी लॉरेंस, मार्ता हुर्तादो और शेफ मेग्नागो के साथ थमीन अल खीतान का नाम इसी लिस्ट में शामिल है। खीतान के बयान अक्सर वेस्ट बैंक, गाजा, फिलिस्तीन, सीरिया, लेबनान में होने वाली घटनाओं पर केंद्रित होती हैं। ऐसा लगता है कि उन्होंने पहली बार भारत के आंतरिक मामले पर टिप्पण की।
उन्होंने अपने बयान में कहा था कि भारत में प्रदर्शनकारियों और प्रदर्शनकारी नेताओं समेत अन्य को बड़े पैमाने पर हिरासत में लिए जाने से वो चिंतित हैं। उन्होंने भारत के शासन-प्रशासन से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के अधिकार को सुनिश्चित करने की अपील करते हुए प्रदर्शनों पर पाबंदियां लगाने की शर्तें भी सुझाईं। उन्होंने भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं और मानवाधिकारों का पाठ पढ़ाने की कोशिश की और कहा कि प्रवर्तन एजेंसियों की ओर से प्रदर्शनकारियों पर सख्ती बरतने से बचना चाहिए। इतना ही नहीं, खीतान ने हिरासत में लिए गए लोगों की तुरंत बिना शर्त रिहाई की बात भी कह दी।
भारत ने खीतान के इस बयान पर आपत्ति प्रकट की और साफ-साफ कहा कि आंतरिक मामलों में दखलअंदाजी का ऐसा प्रयास बिल्कुल अस्वीकार्य है। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी प्रतिक्रिया में कहा गया कि भारत के पड़ोस में बड़ी-बड़ी घटनाएं हुईं, लेकिन तब मानवाधिकार संगठन ने मुंह नहीं खोला। इससे पता चलता है कि मानवाधिकार संगठन का रवैया कितना दोहरा है और वह किस तरह चुनिंदा घटनाओं पर चिंता व्यक्त करता है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.